भारत

आस्था के महाकुंभ में नेताओं की हाजिरी

Shantanu Roy
6 May 2024 9:19 AM GMT
आस्था के महाकुंभ में नेताओं की हाजिरी
x
नगरोटा बगवां। हर साल की भांति इस बार भी परौर में आयोजित हुए राधास्वामी सत्संग ब्यास के विशाल समागम में लाखों की भीड़ जुटी। खास बात यह रही कि चुनावों के इस दौर में कई राजनेता भी आस्था के इस महाकुंभ में राधास्वामी सत्संग व्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार भेंट करने, प्रवचन सुनने और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे। इन बड़े नेताओं में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा लोक निर्माण मंत्री व मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह, कांगड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा, शिमला से पार्टी प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के अलावा कांग्रेस से यादविंद्र गोमा, संजय रत्न, आशीष बुटेल, संजय चौहान व केवल सिंह पठानिया आदि मौजूद रहे।
वहीं, भाजपा की तरफ से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, कांगड़ा से पार्टी उम्मीदवार डा. राजीव भारद्वाज के अलावा विपिन परमार, त्रिलोक कपूर इत्यादि समागम का हिस्सा बने। काबिलेगौर है कि साल दर साल नेता लोग भी इतने बड़े बायोजन में अपनी हाजिरी भरना नहीं भूलते, जिसके मायने हर किसी के लिए साफ हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान देश के प्रधानमंत्री स्वयं डेरा प्रमुख से मिले, तो वहीं वर्तमान समय में जब प्रदेश में चुनाव सिर पर हैं, तो नेताओं का इस समागम में हाजिरी भरना स्वाभाविक है।
Next Story