नई दिल्ली: ऑनलाइन डिजाइनिंग प्लेटफॉर्म Canva ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 22% से अधिक की कटौती करने का फैसला किया है। कंपनी के इस कदम से कम से कम 1,271 कर्मचारी प्रभावित होंगे। इनमें ऐसे लोग शामिल हैं, जिनकी नौकरी जा सकती है, जिनकी जिम्मेदारियों में बदलाव होगा या जिन्हें कंपनी के प्रमुख कार्यालयों में स्थानांतरित किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया की इस टेक कंपनी के बड़े संगठनात्मक बदलाव के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अहम वजह माना जा रहा है। AI टूल्स के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने डिजाइन और सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में काम करने के तरीकों को बदलना शुरू कर दिया है। ऐसे में Canva भी अपने कामकाज का ढांचा छोटा और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी कर रही है।
CEO ने इसे कंपनी का सबसे मुश्किल दौर बताया
Canva की CEO मेलानी पर्किन्स ने कर्मचारियों को भेजे गए एक संदेश में माना कि कंपनी की रफ्तार में पिछले एक दशक के दौरान पहली बार सुस्ती आई है। उन्होंने मौजूदा पुनर्गठन को कंपनी के 13 साल के इतिहास का सबसे कठिन समय बताया।
पर्किन्स के मुताबिक, नई तकनीक लोगों के डिजाइन तैयार करने और रचनात्मक काम करने के तरीकों को तेजी से बदल रही है। यूजर्स अब पहले से ज्यादा आसान और तेज सेवाओं की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसे माहौल में कंपनी को केवल छोटे-मोटे बदलाव करने के बजाय अपने पूरे कामकाज पर दोबारा विचार करना पड़ रहा है। उनका मानना है कि आने वाले समय में कंपनी को कम जटिल संगठनात्मक ढांचे के साथ काम करना होगा, ताकि नई तकनीक के हिसाब से तेजी से फैसले लिए जा सकें।
AI टूल्स ने डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर कंपनियों की बढ़ाई चुनौती
AI आधारित टूल्स की वजह से डिजाइनिंग का काम पहले के मुकाबले आसान हो रहा है। अब कई ऐसे काम भी किए जा सकते हैं, जिनके लिए पहले विशेष सॉफ्टवेयर की जानकारी या तकनीकी विशेषज्ञता की जरूरत पड़ती थी। Anthropic के Claude जैसे AI टूल्स की मदद से यूजर्स बिना किसी विशेष प्रोग्रामिंग कौशल के भी कई तरह के काम पूरे कर सकते हैं। इससे पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
कंपनियां अब कम कर्मचारियों के साथ ज्यादा काम करने के लिए AI का इस्तेमाल बढ़ा रही हैं। निवेशकों के बीच भी यह चिंता है कि नई तकनीक कहीं पुराने सॉफ्टवेयर बिजनेस की मांग को कम न कर दे। इसी आशंका के कारण टेक इंडस्ट्री की कई कंपनियों के मूल्यांकन पर दबाव देखा गया है।
छोटी टीमों के साथ काम करेगी Canva, ऑफिस आने का नियम भी बदलेगा
मेलानी पर्किन्स ने कंपनी के नए कामकाजी ढांचे के बारे में भी जानकारी दी है। उनका कहना है कि Canva को अब सरल संगठन बनाकर छोटी टीमों के जरिए काम करना होगा। इसके तहत कुछ विशेष विशेषज्ञता वाले पदों की संख्या कम की जाएगी। कंपनी की प्रोडक्ट टीमों के लिए सिडनी मुख्य केंद्र होगा। इसके अलावा हाइब्रिड वर्क कल्चर में भी बदलाव किया जा रहा है। जनवरी से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन ऑफिस आना होगा।
इस बदलाव का मकसद टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और काम की प्रक्रिया को तेज करना बताया गया है। हालांकि, कर्मचारियों के लिए इसका मतलब यह भी है कि उन्हें पहले की तुलना में ऑफिस में अधिक समय बिताना पड़ सकता है।
IPO की तैयारी के बीच कंपनी के मूल्यांकन पर नजर
Canva ऐसे समय में संगठन का पुनर्गठन कर रही है, जब वह शेयर बाजार में लिस्टिंग यानी IPO की तैयारी में जुटी है। कंपनी का मूल्यांकन पहले भी काफी उतार-चढ़ाव देख चुका है।
साल 2021 में Canva की वैल्यूएशन करीब 40 अरब डॉलर तक पहुंच गई थी। लेकिन 2022 में टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट के बाद इसका मूल्यांकन घटकर लगभग 26 अरब डॉलर रह गया। बाद में इसमें सुधार हुआ, लेकिन AI के कारण सॉफ्टवेयर उद्योग में आए बदलावों का कंपनी पर आगे क्या असर होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। निवेशक अब यह भी जानना चाहते हैं कि AI पर कंपनियों की ओर से किए जा रहे भारी निवेश से वास्तविक कमाई कब और कितनी होगी। ऐसे में Canva के लिए कारोबार को मजबूत बनाए रखना और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप खुद को ढालना अहम होगा।
19 साल की उम्र में मेलानी ने देख लिया था ऑनलाइन डिजाइनिंग का सपना
Canva की शुरुआत के पीछे मेलानी पर्किन्स का एक विचार था। साल 2008 में, जब फेसबुक तेजी से लोकप्रिय हो रहा था, तब उन्हें लगा कि पारंपरिक डिजाइन सॉफ्टवेयर सीखना आम लोगों के लिए काफी मुश्किल है। वह ऐसा प्लेटफॉर्म बनाना चाहती थीं, जहां बिना ज्यादा तकनीकी जानकारी के भी लोग डिजाइन तैयार कर सकें।
उन्होंने क्लिफ ओब्रेक्ट के साथ मिलकर पहले Fusion Books नाम का प्लेटफॉर्म शुरू किया। बाद में कैमरन एडम्स भी इस टीम से जुड़े और 2013 में तीनों ने Canva की शुरुआत की। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य लोगो, पोस्टर और बिजनेस कार्ड जैसे डिजाइन तैयार करने की प्रक्रिया को आसान बनाना था। इसमें यूजर्स अपनी तस्वीरें अपलोड करके उपलब्ध फॉन्ट, फिल्टर और दूसरे विकल्पों की मदद से डिजाइन में बदलाव कर सकते थे।
क्या है सॉफ्टवेयर कैनिबलाइजेशन?
टेक इंडस्ट्री में सॉफ्टवेयर कैनिबलाइजेशन उस स्थिति को कहा जाता है, जब कोई नई तकनीक पुराने सॉफ्टवेयर या बिजनेस की जरूरत और मांग को ही कम करने लगती है।
उदाहरण के तौर पर, पहले किसी पोस्टर या विज्ञापन का डिजाइन बनाने के लिए अलग डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर की जरूरत पड़ती थी। लेकिन अब AI टूल्स से कई ऐसे काम सीधे किए जा सकते हैं। इससे Canva जैसे प्लेटफॉर्म के सामने चुनौती है कि वे अपनी सेवाओं को लगातार उपयोगी और प्रतिस्पर्धी बनाए रखें। AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ कंपनियों के सामने दोहरी चुनौती है। उन्हें एक तरफ कामकाज मेंतकनीक शामिल करनी है, वहीं दूसरी तरफ यह भी सुनिश्चित करना है कि इस निवेश से लंबे समय में कारोबार को फायदा मिले।
Tags: