ग्रीन-रेड-येलो-Blue लाइनें जुड़ेंगी, मेट्रो नेटवर्क होगा मजबूत

Update: 2026-07-10 12:05 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने राजधानी में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण कार्य आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। इस प्रोजेक्ट के तहत सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन साइट पर डायाफ्राम वाल के निर्माण की शुरुआत की गई। इस नए कॉरिडोर के तैयार होने से दिल्ली के साथ-साथ बहादुरगढ़ से आने वाले ग्रीन लाइन के यात्रियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

इस निर्माण कार्य की शुरुआत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में की गई। डीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, यह कॉरिडोर राजधानी के मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत करेगा और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा।

डीएमआरसी के कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि प्रस्तावित सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में शामिल होगा। यह कॉरिडोर मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किया जा रहा है।

ग्रीन लाइन यात्रियों को मिलेगा फायदा

इंद्रलोक स्टेशन पर इस नए कॉरिडोर का ग्रीन लाइन के साथ इंटरचेंज होगा। इससे बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में ग्रीन लाइन के माध्यम से बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली के विभिन्न इलाकों तक पहुंचते हैं। नए इंटरचेंज के बाद यात्रियों को कम समय में अधिक स्थानों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

12.377 किलोमीटर लंबा होगा कॉरिडोर

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 12.377 किलोमीटर होगी। यह पूरा कॉरिडोर भूमिगत बनाया जा रहा है। इस रूट पर कुल 10 भूमिगत स्टेशन विकसित किए जाएंगे। निर्माण पूरा होने के बाद यह दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों में शामिल हो जाएगा।

यह कॉरिडोर मैजेंटा लाइन (लाइन-8) का विस्तार है। दिल्ली मेट्रो के अनुसार, मैजेंटा लाइन भविष्य में नेटवर्क की सबसे लंबी लाइनों में से एक बनने जा रही है। इसमें सबसे अधिक इंटरचेंज और भूमिगत स्टेशनों की सुविधा होगी, जिससे यात्रियों को अलग-अलग इलाकों के बीच सफर करना आसान हो जाएगा।

सेंट्रल दिल्ली की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

सराय रोहिल्ला स्टेशन सेंट्रल दिल्ली के महत्वपूर्ण स्थानों के नजदीक स्थित है। इसके आसपास कई शिक्षण संस्थान, सिनेमा हॉल, करोल बाग मार्केट और देश बंधु गुप्ता रोड जैसे प्रमुख क्षेत्र हैं। नए कॉरिडोर के बनने से इन इलाकों में आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

डीएमआरसी का कहना है कि यह प्रोजेक्ट दिल्ली के परिवहन ढांचे को और मजबूत करेगा। इससे सड़क मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी और लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा।

7 मेट्रो लाइनों को जोड़ेगा नया कॉरिडोर

इस नए कॉरिडोर के जरिए दिल्ली मेट्रो की कई प्रमुख लाइनों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। ग्रीन, रेड, येलो, ब्लू और अन्य लाइनों से जुड़ाव बढ़ने के कारण यात्रियों को बार-बार लंबा रास्ता तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को देखते हुए ऐसे नए कॉरिडोर बेहद जरूरी हैं। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दिल्ली के कई इलाकों के बीच यात्रा पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

Tags:    

Similar News