Son's की आवाज सुनते ही उठ गए आमिर, गौरी संग रिश्ते पर दोस्त का बड़ा खुलासा
Mumbai मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की हाल ही में हुई शादी इन दिनों चर्चा में है। आमिर खान ने गौरी स्प्रैट के साथ रजिस्टर मैरिज की है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त शामिल हुए थे। अब आमिर के करीबी दोस्त और फिल्म ‘लगान’ में उनके को-स्टार रहे अमिन हाजी ने आमिर और गौरी के रिश्ते से जुड़े कई पहलुओं पर बात की है। उन्होंने बताया कि गौरी का आमिर के बच्चों के साथ रिश्ता धीरे-धीरे मजबूत हुआ है।
अमिन हाजी ने एक इंटरव्यू में बताया कि आमिर खान के बच्चे आयरा, जुनैद और आजाद, गौरी स्प्रैट को उनके नाम से बुलाते हैं। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता अचानक नहीं बना, बल्कि समय के साथ परिवार के बीच आपसी समझ और अपनापन बढ़ा है।
अमिन ने बताया कि आमिर और गौरी एक-दूसरे को कई सालों से जानते हैं। गौरी, आमिर के परिवार और उनके करीबी लोगों के बीच पहले से परिचित रही हैं। उन्होंने कहा कि आमिर हमेशा अपने रिश्तों को लेकर काफी संवेदनशील रहे हैं और उन्होंने परिवार के हर सदस्य की भावनाओं का ध्यान रखा है।
उन्होंने कहा कि आमिर ने गौरी को अपने बच्चों से धीरे-धीरे मिलवाया और दोनों के बीच अच्छा तालमेल बनाने के लिए समय दिया। अमिन के मुताबिक, आमिर की शादी की तस्वीरों में भी परिवार के सभी सदस्य एक साथ नजर आए थे, जिसमें आमिर के बच्चे, गौरी का बेटा, आमिर की मां और गौरी के पिता भी शामिल थे। यह दिखाता है कि परिवार के बीच सम्मान और अपनापन है।
अमिन हाजी ने आमिर और गौरी के बेटे क्विन के बीच के रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि एक बार वह और आमिर साथ बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आमिर अचानक वहां से उठकर चले गए। जब उन्होंने पूछा तो पता चला कि गौरी के बेटे क्विन ने आमिर को बेडटाइम स्टोरी सुनाने के लिए बुलाया था।
अमिन ने बताया कि आमिर ने बिना किसी देरी के बातचीत बीच में छोड़ी और क्विन के पास चले गए। उनके अनुसार, यह घटना दिखाती है कि आमिर और क्विन के बीच कितना अच्छा भावनात्मक जुड़ाव है।
वहीं, आमिर खान ने अपनी शादी को लेकर उठ रहे सवालों और इसे लव जिहाद से जोड़ने वाली चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार काफी खुले विचारों वाला है। आमिर ने बताया कि उनके परिवार में अलग-अलग धर्मों में शादियां हुई हैं। उनकी दोनों बहनों और बेटी ने हिंदू परिवारों में शादी की है, जबकि उनके कजिन भाई ने क्रिश्चियन से शादी की है।
आमिर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पिछली पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव ने कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया था। उन्होंने कहा कि उनकी और गौरी की शादी सिविल मैरिज है। उन्होंने बताया कि गौरी का अपना धर्म है और उन्होंने भी धर्म परिवर्तन नहीं किया है।
अमिन हाजी के इस बयान के बाद आमिर खान और गौरी स्प्रैट के रिश्ते को लेकर कई नई बातें सामने आई हैं। उनके अनुसार, यह रिश्ता सिर्फ दो लोगों का नहीं बल्कि पूरे परिवार के बीच आपसी सम्मान और समझ का उदाहरण है।