'धुरंधर' ने बदली 80s एक्ट्रेस की किस्मत, 70 की उम्र में कमबैक की तैयारी
मुंबई। 80 के दशक की मशहूर अभिनेत्री और डांसर कल्पना अय्यर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कभी अपने शानदार डांस और ग्लैमरस अंदाज से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली कल्पना अय्यर अब करीब 70 साल की उम्र में फिल्म इंडस्ट्री में वापसी करने की तैयारी कर रही हैं। उनकी जिंदगी में यह नया मोड़ फिल्म धुरंधर में इस्तेमाल हुए उनके लोकप्रिय गाने ‘रंभा हो...’ की वजह से आया है।
कल्पना अय्यर का एक शादी समारोह में अपने ही सुपरहिट गाने ‘रंभा हो...’ पर डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो ने उन्हें एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा में ला दिया। जिन दर्शकों ने 80 और 90 के दशक में उनके डांस को पसंद किया था, उन्हें कल्पना की पुरानी यादें फिर से ताजा हो गईं।
कल्पना अय्यर ने बताया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि उनका डांस वीडियो इतना वायरल हो जाएगा और उनकी जिंदगी में इतना बड़ा बदलाव लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि वह उस शादी में जाने के लिए भी तैयार नहीं थीं। उनकी छोटी बहन और उनके बेटे ने उन्हें शादी में चलने के लिए कहा था। शुरुआत में उन्होंने उम्र और दूरी का हवाला देकर जाने से मना किया, लेकिन करीबी रिश्तों की वजह से वह समारोह में पहुंचीं।
शादी में जब उनका मशहूर गाना बजा तो परिवार के लोगों ने उन्हें स्टेज पर बुलाया और उन्होंने अपने अंदाज में डांस किया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अगले दिन उनके भांजे ने उन्हें बताया कि इंस्टाग्राम पर उनके वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। देखते ही देखते यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया और उन्हें दोबारा फिल्म इंडस्ट्री से ऑफर मिलने शुरू हो गए।
बता दें कि कल्पना अय्यर ने अपने करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में भी अभिनय किया। ‘बनेगी अपनी बात’, ‘जुनून’ और ‘चंद्रकांता’ जैसे चर्चित शो में उनकी मौजूदगी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अपने करियर के एक दौर में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली और दुबई चली गईं, जहां उन्होंने एक होटल में मैनेजर के तौर पर काम किया।
कल्पना ने बताया कि फिल्मों में लगातार काम करने के बाद एक समय ऐसा आया जब उन्हें अच्छे रोल और मेहनत के हिसाब से पैसा नहीं मिल रहा था। इसी दौरान उनके करीबी दोस्त राजन सिप्पी ने उन्हें अपने होटल में नौकरी का मौका दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। हालांकि कोरोना महामारी के दौरान होटल और रेस्तरां बंद होने से उनकी नौकरी चली गई।
फिल्म इंडस्ट्री से दूरी के बावजूद कल्पना का कहना है कि उनका बॉलीवुड से रिश्ता कभी खत्म नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि उन्हें कई लोगों ने दोबारा काम के लिए संपर्क किया, लेकिन उस समय दुबई से यात्रा करना संभव नहीं था। अब वह पूरी तरह तैयार हैं और अच्छे किरदार मिलने पर फिर से कैमरे के सामने आना चाहती हैं।
कल्पना अय्यर ने यह भी कहा कि वह काम मांगने में विश्वास नहीं रखतीं, बल्कि अच्छे अवसर का इंतजार करती हैं। उनके अनुसार उन्होंने अपने करियर में कभी किसी की सिफारिश से काम नहीं लिया। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर पहचान बनाई।
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कल्पना ने बताया कि शुरुआती दौर में उन्हें लगातार कई फिल्मों के गाने ऑफर हुए थे। उन्होंने देव आनंद की फिल्म ‘लूटमार’ से लेकर कई बड़ी फिल्मों के लोकप्रिय गानों में काम किया। ‘हरी ओम हरी’ जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।
निजी जिंदगी की बात करें तो कल्पना अय्यर ने शादी नहीं की। उन्होंने कहा कि अगर उनकी किस्मत में प्यार और शादी होती तो ईश्वर जरूर उन्हें जीवनसाथी देते। फिलहाल वह अपनी छोटी बहन और उनके परिवार के साथ खुश हैं।
अपने 70वें जन्मदिन को लेकर भी कल्पना खास उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि वह मंदिर जाने का सोच रही थीं, लेकिन उनके दोस्त ने उनके लिए दुबई में पार्टी आयोजित करने की योजना बनाई है।
कल्पना अय्यर का कहना है कि जिंदगी में नई शुरुआत के लिए उम्र कोई बाधा नहीं होती। वायरल डांस वीडियो ने उन्हें एक बार फिर उम्मीद दी है और अब वह बॉलीवुड में अपनी दूसरी पारी शुरू करने के लिए तैयार हैं।