"मेरा कुत्ता ही आ जाता..." आकांक्षा के बयान पर मचा बवाल

Update: 2026-07-24 08:53 GMT

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। रियालिटी शो 'लॉक अप 2' (Lock Upp 2) में रोजाना नए ड्रामे और विवाद देखने को मिल रहे हैं। शो के लेटेस्ट एपिसोड में कंटेस्टेंट और टीवी एक्ट्रेस अकांक्षा चमोला के एक ताजा बयान ने सोशल मीडिया से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक नया हंगामा खड़ा कर दिया है। अकांक्षा चमोला ने अपने पति और लोकप्रिय अभिनेता गौरव खन्ना को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसे सुनकर न सिर्फ शो के बाकी घरवाले बल्कि दर्शक और फैंस भी हैरान रह गए हैं। बातचीत के दौरान अकांक्षा ने गौरव खन्ना को 'स्ट्रेंजर' (अनजान शख्स) कह दिया और यह तक कह डाला कि अगर उनसे मिलने गौरव की जगह उनके परिवार का कोई सदस्य या उनका पालतू कुत्ता भी आ जाता, तो उन्हें ज्यादा खुशी होती।

'गौरव की जगह कोई और आता तो अच्छा लगता'

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब शो में धीरज धूपर की पत्नी विन्नी अरोड़ा की एंट्री हुई। विन्नी की एंट्री के बाद शो की दूसरी कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने अकांक्षा से मजाक में कहा, "तुम्हारा भी आ गया, इसका भी आ गया। मेरे को भी मेरा बॉयफ्रेंड चाहिए थोड़ी देर के लिए।" श्रेया की इस बात का जवाब देते हुए अकांक्षा ने बेहद अजीब टिप्पणी की।

अकांक्षा ने हंसते हुए कहा, "मेरे तो एक्स था। हंस तो रहा है वरुण (लैला), बोल रहा है कि तेरा परिवार कहां आया, तेरा तो स्ट्रेंजर आया।" अकांक्षा के इस कमेंट पर वहां मौजूद श्रेया कालरा, शिल्पा शिंदे और खुद अकांक्षा हंसने लगीं।

बात यहीं खत्म नहीं हुई। अकांक्षा ने आगे अपनी बात रखते हुए कहा कि गौरव खन्ना के शो में आने से उन्हें कोई खास खुशी नहीं हुई। उन्होंने कहा, "उससे ज्यादा कोई और आता मेरी फैमिली से तो मुझे अच्छा लगता।" जब श्रेया ने उनसे हैरानी जताते हुए पूछा कि वह ऐसा क्यों बोल रही हैं, तो अकांक्षा ने जवाब दिया, "क्योंकि मुझे मेरा कम्फर्ट चाहिए। अगर मेरी मम्मी या पापा में से कोई आता या फिर मेरा डॉगी (पालतू कुत्ता) ही आ जाता तो मुझे ज्यादा खुशी मिलती।" अकांक्षा की यह बात सुनकर शिल्पा शिंदे और श्रेया कालरा एक बार फिर जोर-जोर से हंसने लगीं।

शादी और तलाक का पहले ही कर चुकी हैं खुलासा

गौरतलब है कि अकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार खबरें सामने आ रही हैं। अकांक्षा ने 'लॉक अप 2' के मंच पर ही अपनी शादीशुदा जिंदगी से जुड़ा एक बेहद निजी और चौंकाने वाला राज खोला था। शो के दौरान अपने 'डार्क सीक्रेट' वाले टास्क में अकांक्षा ने खुलासा किया था कि उन्होंने और गौरव खन्ना ने अपनी शादी खत्म करने का फैसला कर लिया है।

अकांक्षा ने बताया था कि वे दोनों पिछले लगभग एक महीने से एक-दूसरे से अलग रह रहे हैं और दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का निर्णय लिया है। इस बड़े खुलासे के बाद से ही फैंस इस कपल के रिश्ते को लेकर हैरान थे, लेकिन अब लॉक अप के घर में गौरव के आने पर उन्हें 'स्ट्रेंजर' बताना और पालतू कुत्ते से उनकी तुलना करने वाला बयान लोगों को रास नहीं आ रहा है।

सोशल मीडिया पर भड़के यूज़र्स

अकांक्षा चमोला का यह बयान सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गया है। गौरव खन्ना के फैंस और आम सोशल मीडिया यूज़र्स अकांक्षा की इस टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जता रहे हैं। यूज़र्स का कहना है कि भले ही दोनों के बीच रिश्ते ठीक न हों या वे अलग होने जा रहे हों, लेकिन इस तरह नेशनल टेलीविजन पर अपने पति के लिए 'स्ट्रेंजर' शब्द का इस्तेमाल करना और उनकी तुलना पालतू कुत्ते से करना पूरी तरह से गलत और असंवेदनशील है।

कई यूज़र्स ने अकांक्षा को पब्लिसिटी स्टंट करने के लिए आड़े हाथों लिया है, तो वहीं कुछ लोग गौरव खन्ना के प्रति अपनी सहानुभूति जता रहे हैं। फिलहाल, अकांक्षा के इस बयान ने 'लॉक अप 2' के घर के अंदर और बाहर दोनों जगह एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।

Tags:    

Similar News