नई दिल्ली: गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों की एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है। इसमें बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी गई है। पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र है और कहा गया है कि उन घटनाओं के दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा।
दो साथियों की गिरफ्तारी का जिक्र
गोल्डी ढिल्लों ने पोस्ट 'वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह' से शुरू की। इसके बाद उसने दावा किया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई में उसके दो साथियों, विकास ठाकुर और दीपक सिंह, को गिरफ्तार किया है। पोस्ट में लिखा है, ‘’इन दोनों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। हमारे साथी किसी वारदात में शामिल नहीं थे और आगे भी किसी वारदात को अंजाम नहीं देंगे। हमारे मुंबई में करीब 200 साथी तैयार हैं।'’
'दुनिया के किसी भी देश में हो, हिसाब लिया जाएगा'
पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों पर गोल्डी ने लिखा, ‘’उन घटनाओं के दोषियों को कभी माफ नहीं किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी देश में हो, अगर वह सिख समुदाय के खिलाफ बोलेगा तो उससे हिसाब लिया जाएगा। ऐसे लोगों को हम अपना दुश्मन मानते हैं और उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।'’
आखिरी हिस्से में अमिताभ और अभिषेक का नाम
पोस्ट के आखिरी हिस्से में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेकर लिखा गया, ‘’दोनों चाहे जितना बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, उन्हें गोली मारी जाएगी।'’ पोस्ट के साथ 1984 के लिए न्याय की मांग वाले हैशटैग भी लगाए गए हैं। इस सोशल मीडिया पोस्ट और इसमें किए गए दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
अमिताभ पहले ही आरोपों से कर चुके हैं इनकार
अमिताभ बच्चन पर पहले भी आरोप लग चुके हैं कि उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान हिंसा भड़काने वाले नारे लगाए थे। अभिनेता इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। साल 2011 में उन्होंने अकाल तख्त को पत्र लिखकर इन आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं किया।
दिलजीत दोसांझ के KBC में आने पर फिर उठा था विवाद
पिछले साल यह मुद्दा फिर चर्चा में आया था। तब दिलजीत दोसांझ टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन से मिले थे और सम्मान में उनके पैर छुए थे। इसके बाद कुछ संगठनों ने दिलजीत की आलोचना की थी।
Tags: