मुंबई : बॉलीवुड में कई सितारों की अपनी अलग पहचान रही है। कुछ कलाकार अपने शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं तो कुछ अपने अंदाज, फैशन और व्यवहार के लिए। 90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा अपनी मस्ती भरी अदाओं, बेहतरीन डांस और रंग-बिरंगे फैशन स्टाइल के लिए मशहूर रहे हैं। वहीं दिग्गज अभिनेता राज कुमार अपने दमदार व्यक्तित्व, गंभीर अंदाज और बेबाक बातचीत के लिए जाने जाते थे। दोनों कलाकारों का स्वभाव एक-दूसरे से काफी अलग था। अब दोनों से जुड़ा एक पुराना किस्सा सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसमें गोविंदा और राज कुमार के बीच का दिलचस्प पल सामने आया है।
फिल्ममेकर मेहुल कुमार ने एक इंटरव्यू के दौरान इस किस्से का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि एक बार गोविंदा एक फिल्म की शूटिंग के दौरान बेहद आकर्षक और अलग डिजाइन की शर्ट पहनकर सेट पर पहुंचे थे। उनका यह स्टाइल हमेशा की तरह काफी अलग और ध्यान खींचने वाला था। उस दौरान राज कुमार की नजर गोविंदा की शर्ट पर पड़ी और उन्हें वह पसंद आ गई।
मेहुल कुमार के मुताबिक, राज कुमार ने गोविंदा की शर्ट की तारीफ की थी, लेकिन उनका अंदाज थोड़ा अलग था। गोविंदा इस तारीफ को पूरी तरह समझ नहीं पाए। उन्होंने सोचा कि अगर राज कुमार को यह शर्ट पसंद आई है तो क्यों न उन्हें भी ऐसी ही शर्ट गिफ्ट की जाए। इसके बाद गोविंदा ने अगले दिन वैसी ही एक शर्ट खरीदकर राज कुमार को तोहफे में दे दी।
हालांकि इसके बाद जो हुआ, उसने गोविंदा को हैरान कर दिया। मेहुल कुमार ने बताया कि राज कुमार ने उस शर्ट को पहनने के बजाय उससे अपने हाथ पोंछ लिए और यहां तक कि अपनी नाक भी साफ कर ली। गोविंदा यह देखकर चौंक गए थे। यह घटना राज कुमार के अपने अनोखे अंदाज को दर्शाती है, जिसके लिए वह इंडस्ट्री में अलग पहचान रखते थे।
मेहुल कुमार ने बातचीत के दौरान राज कुमार और गोविंदा से जुड़ा एक और किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि राज कुमार अक्सर गोविंदा के मस्ती भरे अंदाज को लेकर मजाक किया करते थे। एक बार उन्होंने मेहुल कुमार से कहा था कि गोविंदा हमेशा नाचते ही रहते हैं। इस बात पर मेहुल कुमार हंस पड़े और उन्होंने कहा कि गोविंदा एक शानदार डांसर हैं।
इसके बाद राज कुमार ने अपने खास अंदाज में सवाल किया कि अगर वह डांसर हैं तो सेट पर भी हर समय डांस क्यों करते रहते हैं। हालांकि मेहुल कुमार ने बताया कि राज कुमार ने यह बात कभी सीधे गोविंदा से नहीं कही थी।
गोविंदा और राज कुमार दोनों ही हिंदी सिनेमा के यादगार कलाकार रहे हैं। जहां गोविंदा ने अपनी कॉमेडी, डांस और चुलबुले अंदाज से करोड़ों दिलों पर राज किया, वहीं राज कुमार ने अपनी भारी आवाज, संवाद अदायगी और दमदार अभिनय से दर्शकों के बीच अलग मुकाम बनाया। दोनों की यह कहानी बॉलीवुड के उन किस्सों में शामिल है, जो आज भी फैंस को काफी पसंद आते हैं।