Lifestyle लाइफ स्टाइल : रसोई घर में सिंक का इस्तेमाल दिनभर होता रहता है। सब्जियां धोने से लेकर बर्तन साफ करने तक हर काम के दौरान पानी के साथ कई बार छोटे-छोटे कचरे के कण और तेल वाली चीजें पाइप में चली जाती हैं। धीरे-धीरे यही गंदगी पाइप के अंदर जमा होकर पानी की निकासी को रोक देती है। शुरुआत में इसका पता नहीं चलता, लेकिन जब सिंक से बदबू आने लगे या पानी धीरे-धीरे नीचे जाने लगे, तब समस्या समझ आती है। ऐसे में लोग अक्सर प्लंबर को बुलाते हैं और पैसे खर्च करते हैं। लेकिन कुछ आसान घरेलू उपायों से आप खुद भी सिंक पाइप की सफाई कर सकते हैं।
सबसे पहले सिंक को करें खाली
सिंक की सफाई शुरू करने से पहले उसमें जमा गंदे पानी को पूरी तरह बाहर निकाल दें। अगर पानी नीचे नहीं जा रहा है तो किसी मग या बर्तन की मदद से उसे निकाल लें। ध्यान रखें कि जब तक सिंक खाली नहीं होगा, तब तक सफाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली चीजें पाइप के अंदर ठीक से नहीं पहुंच पाएंगी। इसके बाद सिंक की जाली में फंसी गंदगी को भी हटा दें। जाली को कुछ देर के लिए निकालकर अलग साफ कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा और नींबू से हटाएं चिकनाई
किचन में मौजूद बेकिंग सोडा सिर्फ खाने के काम ही नहीं आता, बल्कि सफाई के लिए भी काफी उपयोगी माना जाता है। सिंक पाइप साफ करने के लिए एक कटोरी में करीब एक चौथाई कप बेकिंग सोडा लें। इसमें एक नींबू का रस मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। जरूरत हो तो इसमें थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं।
अब इस पेस्ट को धीरे-धीरे सिंक के पाइप में डाल दें। बेकिंग सोडा और नींबू का मिश्रण पाइप के अंदर जमा तेल, चिकनाई और गंदगी को ढीला करने में मदद करता है। इसे डालने के बाद करीब 15 मिनट तक सिंक में पानी न चलाएं और इसे ऐसे ही छोड़ दें।
सिरके से करें पाइप की गहरी सफाई
15 मिनट बाद आधा गिलास सफेद सिरका लें और उसमें थोड़ा पानी मिला लें। अब इसे धीरे-धीरे पाइप में डालें। सिरका डालने के बाद पाइप के अंदर झाग बनने लगेगा। यह प्रक्रिया पाइप में जमी गंदगी को हटाने में मदद करती है।
सिरका डालने के बाद करीब 10 मिनट तक इंतजार करें। इसके बाद एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसे धीरे-धीरे सिंक में डालें। गर्म पानी पाइप में जमा बची हुई चिकनाई और गंदगी को बहाकर बाहर निकालने में मदद करेगा। इस उपाय से न सिर्फ जाम पाइप खुल सकता है, बल्कि सिंक से आने वाली बदबू भी दूर हो सकती है।
ब्लीचिंग पाउडर भी है आसान विकल्प
अगर आप बेकिंग सोडा और सिरके वाला तरीका नहीं अपनाना चाहते हैं, तो बाजार में मिलने वाले ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। रात में किचन का काम खत्म करने के बाद थोड़ी मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर ड्रेन पाइप में डाल दें। इसके बाद सिंक में पानी न चलाएं और इसे रातभर के लिए छोड़ दें। सुबह पाइप को पानी से धोने पर जमा गंदगी निकल सकती है।
किचन सिंक को जाम होने से बचाने के लिए हमेशा ध्यान रखें कि बचा हुआ खाना, चायपत्ती, तेल या सब्जियों के छिलके सीधे सिंक में न डालें। समय-समय पर पाइप की सफाई करते रहने से बड़ी समस्या से बचा जा सकता है और प्लंबर पर होने वाला खर्च भी कम किया जा सकता है।