लाइफस्टाइल : दाबेली रेसिपी (Dabeli Recipe)
तैयारी का समय: 15 मिनट
बनाने का समय: 10 मिनट
कितने लोगों के लिए: 4 लोग
सामग्री
आलू मसाला बनाने के लिए:
3 से 4 उबले हुए आलू
1 से 2 चम्मच दाबेली मसाला
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
1 छोटा चम्मच नींबू का रस
1 चम्मच तेल
थोड़ा पानी
दाबेली बनाने के लिए:
8 पाव
मीठी इमली की चटनी
हरी चटनी
भुनी हुई मूंगफली
बारीक सेव
अनार के दाने
बारीक कटा प्याज
मक्खन
थोड़ा हरा धनिया
बनाने की विधि
1. आलू का मसाला तैयार करें
सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें दाबेली मसाला, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा नमक डालकर हल्का भूनें। अब इसमें मैश किए हुए आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और 3 से 4 मिनट तक पकाएं। आखिर में नींबू का रस डालकर मिला दें। दाबेली का मसाला तैयार है।
2. पाव को सेंकें
पाव को बीच से काट लें, लेकिन पूरी तरह अलग न करें। तवे पर थोड़ा मक्खन लगाकर पाव को दोनों तरफ से हल्का सेंक लें।
3. दाबेली तैयार करें
पाव के अंदर सबसे पहले मीठी चटनी और हरी चटनी लगाएं। इसके बाद आलू का मसाला भरें। ऊपर से भुनी हुई मूंगफली, प्याज, अनार के दाने और सेव डालें। स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा दाबेली मसाला भी छिड़क सकते हैं।
4. आखिरी सेंक दें
तैयार दाबेली को तवे पर थोड़ा मक्खन लगाकर दोनों तरफ से हल्का सेंक लें। इससे पाव कुरकुरा और स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
स्वाद बढ़ाने के टिप्स
आलू का मसाला ज्यादा सूखा न रखें, हल्का नरम रखें।
मूंगफली को हल्का भूनकर डालने से स्वाद बेहतर आता है।
सेव हमेशा परोसने से ठीक पहले डालें, ताकि कुरकुरापन बना रहे।
दाबेली को गर्मागर्म परोसें।
अब आपकी स्वादिष्ट और झटपट बनने वाली घर की दाबेली तैयार है।