इन संकेतों से समझें गमला बदलने का समय

Update: 2026-07-26 09:57 GMT

लाइफ स्टाइल: घर में पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना लोगों को काफी पसंद होता है। हरे-भरे पौधे न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि वातावरण को भी बेहतर बनाते हैं। लोग पौधों को समय पर पानी देते हैं, खाद डालते हैं और उन्हें सही धूप भी उपलब्ध कराते हैं। इसके बावजूद कई बार पौधों की ग्रोथ अचानक रुक जाती है। नई पत्तियां नहीं आतीं, फूल खिलना बंद हो जाते हैं और पौधा धीरे-धीरे कमजोर दिखने लगता है।

अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो इसकी वजह सिर्फ पानी, खाद या धूप की कमी नहीं हो सकती। कई बार पौधे का छोटा गमला भी उसकी बढ़त में सबसे बड़ी बाधा बन जाता है। जैसे-जैसे पौधा बड़ा होता है, उसकी जड़ों को फैलने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत होती है। जब गमले में जड़ों के लिए जगह कम पड़ जाती है तो पौधा ठीक से पोषण नहीं ले पाता और उसकी ग्रोथ प्रभावित होने लगती है।

ऐसे में कुछ खास संकेतों को देखकर आसानी से पता लगाया जा सकता है कि अब पौधे को नए और बड़े गमले में शिफ्ट करने का समय आ गया है।

गमले के ऊपर जड़ों का दिखाई देना

अगर गमले की मिट्टी के ऊपर जड़ों का जाल दिखाई देने लगे तो यह संकेत है कि पौधे की जड़ों को अंदर पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है। जड़ें फैलने के लिए जगह तलाशते हुए ऊपर की ओर आने लगती हैं। ऐसी स्थिति में पौधे को नई मिट्टी और थोड़े बड़े गमले की जरूरत होती है। समय पर गमला नहीं बदलने से पौधे की जड़ें कमजोर हो सकती हैं और उसकी बढ़त रुक सकती है।

नीचे के छेद से जड़ों का बाहर निकलना

गमले के नीचे बने छेद का काम अतिरिक्त पानी को बाहर निकालना होता है, लेकिन कई बार इन्हीं छेदों से पौधे की जड़ें बाहर आने लगती हैं। यह साफ संकेत है कि गमले के अंदर जड़ों के लिए जगह खत्म हो चुकी है। जड़ें बाहर निकलकर अपना विस्तार करना चाहती हैं, इसलिए पौधे को तुरंत बड़े गमले में लगाने की जरूरत होती है।

मिट्टी का जल्दी-जल्दी सूख जाना

अगर आप पौधे को पानी देते हैं और कुछ ही घंटों में मिट्टी फिर से सूखी नजर आने लगती है तो इसका कारण भी छोटा गमला हो सकता है। जब गमले के अंदर जड़ों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ जाती है तो मिट्टी के लिए जगह कम बचती है। इससे पानी ज्यादा देर तक रुक नहीं पाता और पौधे को बार-बार पानी की जरूरत महसूस होती है।

पौधे का बार-बार गिरना

कई बार पौधा ऊपर से बड़ा और भारी हो जाता है, लेकिन उसका गमला छोटा और हल्का रहता है। ऐसी स्थिति में हवा चलने या हल्का छूने पर भी पौधा गिर सकता है। यह संकेत बताता है कि पौधे के बढ़ते आकार के हिसाब से उसका गमला अब पर्याप्त मजबूत नहीं है। ऐसे पौधों को चौड़े और स्थिर गमले में लगाने से उन्हें बेहतर सहारा मिलता है।

अच्छी देखभाल के बाद भी ग्रोथ रुक जाना

अगर आप पौधे को सही समय पर पानी दे रहे हैं, खाद भी डाल रहे हैं और उसे पर्याप्त धूप भी मिल रही है, लेकिन फिर भी पौधे में नई पत्तियां नहीं आ रही हैं या फूल नहीं खिल रहे हैं तो समस्या जड़ों में हो सकती है। छोटे गमले में जड़ों को फैलने की जगह नहीं मिलती, जिससे पौधा जरूरी पोषक तत्वों को ठीक से ग्रहण नहीं कर पाता।

पौधे का गमला बदलते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। हमेशा पुराने गमले से केवल 1 या 2 इंच बड़ा गमला ही चुनना चाहिए। बहुत ज्यादा बड़ा गमला लेने से मिट्टी में पानी लंबे समय तक जमा रह सकता है, जिससे पौधे की जड़ें सड़ने का खतरा बढ़ जाता है।

सही समय पर गमला बदलने से पौधे को नई जगह, बेहतर पोषण और जड़ों को फैलने का अवसर मिलता है। अगर आपके पौधे में भी ये संकेत दिखाई दे रहे हैं तो देर न करें और उसे उचित आकार के नए गमले में लगाकर उसकी खोई हुई ग्रोथ वापस ला सकते हैं।

Tags:    

Similar News