मिड-डे मील रिपोर्ट से खुलासा: भागलपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में भारी गिरावट
भागलपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या में भारी गिरावट
बिहार : भागलपुर जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मिड-डे मील (पीएम पोषण योजना) की रिपोर्ट में नामांकित छात्रों और भोजन लेने वाले बच्चों की संख्या में भारी अंतर सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 1.20 लाख बच्चे स्कूलों से गायब पाए गए, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में बच्चों का नामांकन तो दर्ज है, लेकिन वे नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। मिड-डे मील के आंकड़ों ने इस अंतर को उजागर किया है। अब शिक्षा विभाग स्कूलवार जांच कर यह पता लगाने की तैयारी में है कि बच्चे अनुपस्थित क्यों हैं और नामांकन में गड़बड़ी तो नहीं है।
शिक्षाविदों का कहना है कि बच्चों की कम उपस्थिति के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें परिवार की आर्थिक स्थिति, पलायन, स्कूलों में सुविधाओं की कमी और निगरानी व्यवस्था की कमजोरी शामिल हैं। विभाग की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।