मोहरिल अमित भगत हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, दो नामजद आरोपी दबोचे
अमित भगत हत्याकांड में नाबालिग लाइनर हिरासत में, दो आरोपी गिरफ्तार
अररिया: बिहार के अररिया जिले में हुए अमित भगत हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता मिली है। कुर्साकांटा प्रखंड के पहुंसी गांव में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में जान गंवाने वाले अमित भगत के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मृतक के घर से निकलने की सूचना देने के आरोप में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान पहुंसी गांव निवासी वृक्ष लाल सिंह और लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी, आरोपियों के भागने में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो खोखे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को सुबह करीब साढ़े नौ बजे कुआड़ी थाना क्षेत्र के पहुंसी गांव में अमृत कुमार भगत उर्फ अमित भगत को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल अमित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था।
प्रारंभिक पुलिस जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंधों को लेकर विवाद होने की आशंका जताई गई है। इस मामले में कुआड़ी थाना में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए नाबालिग पर आरोप है कि उसने अमित भगत के घर से निकलने की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई थी। उसे लाइनर की भूमिका के संदेह में निरुद्ध किया गया है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।