फेसबुक पर प्यार, फिर पति का कत्ल, बेगूसराय में प्रेमी संग पत्नी गिरफ्तार
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पति के लापता होने की शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंची पत्नी ही उसकी हत्या की कथित साजिशकर्ता निकली। पुलिस ने करीब एक महीने पुराने गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। इसके बाद पति की हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के बाद पत्नी खुद थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, मृतक का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
पूरा मामला बेगूसराय जिले के गढ़हरा थाना क्षेत्र स्थित बारो रामपुर टोला का है। यहां रहने वाले 45 वर्षीय धीरज कुमार राय 14 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उनकी पत्नी डोली कुमारी ने अगले दिन गढ़हरा थाने में पति के लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
14 अक्टूबर को घर से निकला था धीरज, फिर नहीं लौटा
पुलिस के अनुसार, धीरज राय 14 अक्टूबर की शाम अपने घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। पत्नी डोली ने पुलिस को दी शिकायत में रामदीरी निवासी मुकेश कुमार पर पति को गायब करने की आशंका जताई थी।प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मुकेश कुमार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई, लेकिन शुरुआत में हत्या की साजिश का खुलासा नहीं हो सका।इसी बीच धीरज के परिवार को लगातार मुकेश की भूमिका पर संदेह बना रहा। परिजनों का आरोप था कि मुकेश ने परिवार से जुड़े आर्थिक लेन-देन और ट्रैक्टर के मामले में भी विवाद खड़ा कर रखा था।
ट्रैक्टर विवाद की जांच में खुला हत्या का राज
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण मोड़ ट्रैक्टर विवाद के बाद आया। बताया गया है कि धीरज की पत्नी डोली के नाम पर एक ट्रैक्टर खरीदा गया था, जिसे मुकेश कुमार अपने पास रखे हुए था।परिवार के अनुसार, मुकेश ट्रैक्टर वापस नहीं कर रहा था। इस संबंध में 14 नवंबर को गढ़हरा थाने में दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई गई। शिकायत में ट्रैक्टर जबरन ले जाने और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे।गढ़हरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार को ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार किया। इसके बाद पूछताछ के दौरान धीरज राय की गुमशुदगी से जुड़ा मामला सामने आया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुकेश ने धीरज की हत्या करने की बात स्वीकार की और कथित साजिश में डोली की भूमिका बताई। इसके बाद पुलिस ने डोली को भी गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक से हुई थी पत्नी और प्रेमी की दोस्ती
पुलिस की जांच में सामने आया कि डोली कुमारी और मुकेश कुमार की जान-पहचान वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और धीरे-धीरे कथित प्रेम संबंध बन गए।बताया जा रहा है कि धीरज जब काम पर जाता था, तब मुकेश का उसके घर आना-जाना होता था। स्थानीय लोगों के सवाल करने पर डोली कथित तौर पर मुकेश को अपना मौसेरा भाई बताती थी।पुलिस के अनुसार, धीरज को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी। वह इस रिश्ते का विरोध करता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
कार में बैठाकर ले गया प्रेमी, फिर गला घोंटकर हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आए विवरण के अनुसार, 14 अक्टूबर को मुकेश ने धीरज को काम और आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा देकर मिलने के लिए बुलाया।आरोप है कि मुकेश अपनी सफेद रंग की वेन्यू कार से गढ़हरा रेलवे के छह नंबर ढाला के पास पहुंचा। वहां धीरज को कार में बैठाकर सुनसान स्थान की ओर ले गया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने धीरज के साथ मारपीट की और फिर मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।इसके बाद आरोपी ने शव को सिमरिया के पुराने पुल से गंगा नदी में फेंक दिया। पूछताछ में मुकेश ने कथित तौर पर यह भी बताया कि वारदात के बाद उसने डोली को हत्या की जानकारी दी थी।
आर्थिक लेन-देन भी बना जांच का हिस्सा
पुलिस जांच में प्रेम संबंध के अलावा आर्थिक लेन-देन का मामला भी सामने आया है। मृतक के भाई विकास राय के अनुसार, मुकेश ने परिवार को पत्तल बनाने की फैक्ट्री शुरू कराने का सपना दिखाया था।इसके लिए परिवार की जमीन बैंक में गिरवी रखकर कर्ज लेने की बात भी सामने आई है। बाद में ठेकेदारी के काम से कमाई करने के लिए डोली के नाम पर ट्रैक्टर खरीदा गया था।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
धीरज राय की कथित हत्या के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मृतक के दो बच्चे हैं। पिता की मौत और मां की गिरफ्तारी के बाद बच्चों की देखभाल परिवार के अन्य सदस्य कर रहे हैं।परिजनों ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र राम के अनुसार, मामले में डोली कुमारी और मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं, मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर हत्या की कथित साजिश का खुलासा हुआ है।