दरभंगा: बिहार के दरभंगा में 62 किलो चांदी की लूट का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक नाम विशाल महासेठ उर्फ विक्की का भी है. विशाल बीजेपी का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है और दरभंगा नगर में पार्टी का महामंत्री भी रह चुका है. गिरफ्तारी के बाद उसके बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं. सवाल उठे तो पार्टी ने उसे निलंबित कर दिया. इतना ही नहीं बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को भी सामने आकर सफाई भी देनी पड़ी.
दरअसल, दरभंगा में 7 नवंबर को 62 किलो चांदी की बड़ी लूट हुई थी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. इनमें विशाल महासेठ उर्फ विक्की भी शामिल है. वह दरभंगा का रहने वाला है और पहले बीजेपी में नगर महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुका है. पार्टी में उसकी सक्रियता भी रही है.
विशाल की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. इनमें वह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ दिखाई दे रहा है. बताया गया कि विशाल सरावगी के कई कार्यक्रमों में शामिल होता था. वह उनके साथ तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट करता था. गिरफ्तारी के बाद यही तस्वीरें चर्चा का विषय बन गईं. लोगों ने बीजेपी और संजय सरावगी से सवाल पूछने शुरू कर दिए.
मामला चर्चा में आने के बाद बीजेपी ने विशाल महासेठ को पार्टी से निलंबित कर दिया. दरभंगा बीजेपी के जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि विशाल पर गंभीर आरोप लगे हैं. इससे पार्टी की छवि, अनुशासन और संगठन की मर्यादा प्रभावित हुई है. पत्र में साफ किया गया कि विशाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है. साथ ही कहा गया कि बीजेपी और NDA संगठन की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह का गलत आचरण स्वीकार नहीं किया जाएगा.
इस पूरे मामले पर संजय सरावगी ने भी मीडिया के सामने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उन्हें दरभंगा में हुई घटना की जानकारी मिली है. पुलिस ने बीजेपी के नगर के एक पूर्व कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है, क्योंकि मामले में उसकी संलिप्तता सामने आई है.
सरावगी ने कहा कि बिहार में NDA और बीजेपी की सरकार है. अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी दल से जुड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर विशाल की संलिप्तता साबित होती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पार्टी भी ऐसे लोगों पर अपने स्तर से कार्रवाई करेगी.
इस दौरान सरावगी ने पिछली RJD सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में किसी को उसके राजनीतिक रसूख के आधार पर बचाया नहीं जाएगा.
फिलहाल, 62 किलो चांदी की लूट के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आए पांच आरोपियों में विशाल का नाम शामिल है. बीजेपी ने गिरफ्तारी के बाद उसे पार्टी से निलंबित कर दिया है. अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.
Tags: