Balod. बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। शराब के नशे में पत्नी से विवाद कर रहे दामाद ने अपने मामा ससुर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान 60 वर्षीय रत्तीराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर में हो रहे विवाद के दौरान रत्तीराम ने दामाद को चुप रहने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामला महामाया थाना क्षेत्र के आडेझर गांव का है।

जानकारी के अनुसार, आडेझर गांव निवासी रत्तीराम उम्र 60 वर्ष शनिवार देर रात अपने घर में बिस्तर पर लेटे हुए थे। इसी दौरान उनका घर जमाई सुखराम नेताम शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी के साथ विवाद करने लगा। नशे की हालत में आरोपी लगातार गाली-गलौज कर रहा था। घर में हो रहे शोर-शराबे से परेशान होकर बिस्तर पर लेटे रत्तीराम ने उसे टोका और चुप रहने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि मामा ससुर की यह बात आरोपी को नागवार गुजर गई। वह इतना नाराज हो गया कि उसने पास रखे टंगिया (कुल्हाड़ी) से रत्तीराम पर हमला कर दिया। आरोपी ने उन पर एक के बाद एक कई वार किए। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण रत्तीराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

पत्नी ने ग्रामीणों को बुलाया, आरोपी को खंभे से बांधा
हत्या की वारदात के बाद आरोपी की पत्नी घबरा गई। उसने आसपास रहने वाले ग्रामीणों को आवाज देकर मौके पर बुलाया। ग्रामीण जब घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपी गाली-गलौज कर रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और भागने से रोकने के लिए बिजली के खंभे से बांध दिया। गांव में हुई इस घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

महामाया पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी सुखराम नेताम को हिरासत में लिया। वहीं, मृतक रत्तीराम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर जमाई होने पर ताने देने की बात आई सामने
दल्लीराजहरा सीएसपी विकास पाटले ने बताया कि आरोपी सुखराम नेताम को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी घर जमाई था और इसी बात को लेकर मामा ससुर उसे ताने देते थे। शनिवार देर रात आरोपी शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। इस दौरान मामा ससुर ने उसे टोका, जिससे वह नाराज हो गया और टंगिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। गांव में इस घटना के बाद से दहशत और शोक का माहौल है।
Tags: