रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की अनूठी पहल, 'गुड मॉर्निंग रायपुर' अभियान की शुरुआत
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नागरिकों की सुरक्षा, सतर्कता और पुलिस तथा जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एक अभिनव और विशेष जन-जागरूकता अभियान 'गुड मॉर्निंग रायपुर' की शुरुआत की गई है। इस नई पहल के तहत प्रतिदिन सुबह रायपुर पुलिस सोशल मीडिया माध्यमों से सीधे राजधानी के आम नागरिकों तक पहुंचेगी। अब रायपुर के वासियों की सुबह केवल एक सामान्य 'सुप्रभात' नहीं होगी, बल्कि यह एक 'जागरूक और सुरक्षित सुप्रभात' में बदलेगी। इस अभियान की विधिवत शुरुआत रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कर-कमलों से की गई है।
'गुड मॉर्निंग रायपुर' पहल का मुख्य उद्देश्य राजधानी के नागरिकों को दिन की शुरुआत में ही अपराध की रोकथाम, लगातार बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के सजग पालन और सामान्य जन-सुरक्षा से जुड़ी बेहद महत्वपूर्ण जानकारियों व टिप्स से अवगत कराना है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का मानना है कि यदि दिन की शुरुआत सुरक्षा और सतर्कता के संदेश के साथ होगी, तो नागरिक अपने दैनिक जीवन में अधिक सजग रहेंगे और किसी भी तरह के अपराध या धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकेंगे।
इस महत्वाकांक्षी अभियान के प्रमुख बिंदु और कार्ययोजना इस प्रकार हैं:-
दैनिक जागरूकता संदेश: प्रतिदिन सुबह रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम आदि के माध्यम से संक्षिप्त, व्यावहारिक, ज्ञानवर्धक और विचारोत्तेजक संदेश प्रसारित किए जाएंगे। साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस: वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन वित्तीय फ्रॉड, ओटीपी/लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के ठोस और आसान उपाय आम जनता के साथ साझा किए जाएंगे।
यातायात एवं सड़क सुरक्षा: दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीटबेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, ओवर-स्पीडिंग से बचाव तथा शहर के प्रमुख यातायात नियमों का पालन करने के लिए नागरिकों को प्रेरित व जागरूक किया जाएगा। महिला, वरिष्ठ नागरिक एवं बाल सुरक्षा: समाज के संवेदनशील वर्गों जैसे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों (112 आदि) की जानकारी देने और आपातकालीन सहायता प्रणाली के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक बनाया जाएगा। सजग नागरिक नेटवर्क: रायपुर शहर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अज्ञात व्यक्ति की आवाजाही दिखने पर उसकी तत्काल सूचना पुलिस को देने हेतु नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
समय रहते किसी भी संभावित अपराध पर अंकुश लगाया जा सके। अभियान के शुभारंभ अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा— "एक सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। 'गुड मॉर्निंग रायपुर' पहल के माध्यम से हमारा निरंतर प्रयास रहेगा कि हर नागरिक सजग रहे और अपने दैनिक जीवन में सुरक्षा उपायों को स्वाभाविक रूप से अपनाए। क्योंकि एक जागरूक और सजग नागरिक ही एक सुरक्षित रायपुर की मजबूत नींव है।" रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और मीडिया जगत से विशेष अपील की है कि वे इस जन-हितैषी अभियान से जुड़ें और पुलिस द्वारा जारी किए जाने वाले जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों और ग्रुप्स में साझा करें, ताकि रायपुर को एक सुरक्षित और अपराधमुक्त शहर बनाया जा सके।