Durg. दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। दुर्ग-भिलाई शहर के प्रमुख अंडरब्रिज मार्गों पर शाम के समय विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर वाहन चालकों की जांच की जा रही है। अभियान के तहत पिछले दो दिनों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 24 लोगों समेत कुल 191 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है। दुर्ग पुलिस के अनुसार यह अभियान पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है। शाम 6 बजे से प्रमुख मार्गों और अंडरब्रिज क्षेत्रों में विशेष टीमों की तैनाती की गई है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय अंडरब्रिज मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। इस दौरान तेज रफ्तार, लापरवाही और शराब के नशे में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। इसी को देखते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान 24 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। इनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया, जहां वाहन चालकों पर 12 हजार से 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है।
तीन सवारी और ब्लैक फिल्म पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की। पिछले दो दिनों में 156 वाहन चालकों के खिलाफ तीन सवारी के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाने वाले 11 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की भी लगातार जांच की जा रही है।
वाहन चालकों को दी जा रही समझाइश
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दे रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और सड़क पर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। यातायात पुलिस ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल चालक के लिए ही नहीं बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे वाहन चालकों के कारण कई बार गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान होता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शहर के प्रमुख मार्गों, अंडरब्रिज और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।
Tags: