Raigarh. रायगढ़। आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित होने वाले जनदर्शन में आज कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं और शिकायतें बारी-बारी से सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में खरसिया की मंगली राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं
स्वनिधि योजना
का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। हरदीझरिया के भजपाल चौहान ने वन अधिकार पट्टा प्रदान करने की मांग की। वहीं, बस डिपो रायगढ़ की कविता श्रीवास ने जन्म प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन दिया। गोपालपुर की अंजलि श्रीवास ने अपनी दिव्यांगता का उल्लेख करते हुए पेंशन दिलाने की मांग की। ग्राम मौहापाली की यशोदा राठिया ने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार के मुखिया की मृत्यु के बाद सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना की राशि शीघ्र दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम कोकड़ीतराई की चंद्रकांति यादव ने पैतृक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी।

अधूरी सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग
हरदीझरिया के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क का काम पूरा कराने के लिए आवेदन दिया। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाना था, लेकिन लगभग 2 किलोमीटर सड़क बनाने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मुक्तिधाम निर्माण की मांग भी रखी। इसी तरह ग्राम पंचायत धनागर के सरपंच ने प्राथमिक शाला के पुराने और जर्जर शौचालय भवन को हटाकर नया शौचालय बनवाने की स्वीकृति देने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
जनदर्शन
में आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारियों की मजदूरी के भुगतान, पेंशन प्रकरणों के निराकरण और प्राथमिक शाला के नए भवन निर्माण सहित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags: