CG BREAKING: पटवारी हड़ताल पर प्रशासन की सख्ती, 3,912 को नोटिस; 141 अब तक निलंबित
छत्तीसगढ़.
रायपुर: छत्तीसगढ़ में हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। आज प्रदेश के विभिन्न जिलों में 34 और हड़ताली पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही अब तक निलंबित किए गए पटवारियों की संख्या बढ़कर 141 हो गई है।
जानकारी के अनुसार, आज मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 8, जशपुर में 9, कोरबा में 2, मुंगेली में 4, जांजगीर-चांपा में 4, सक्ती में 2, सुकमा में 1 और बीजापुर जिले में 4 पटवारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने हड़ताल पर अड़े पटवारियों के खिलाफ अन्य विभागीय कार्रवाई भी तेज कर दी है।
अब तक प्रदेशभर में 3,912 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं, 95 पटवारियों का तबादला किया गया है और 336 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 186 पटवारियों को अंतिम चेतावनी भी दी गई है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि प्रशासन हड़ताल को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है।