Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब उसके खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाने में 27 लाख 90 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक और एफआईआर दर्ज हुई है। शिकायत कोयला कारोबारी अंकित सिंह ने 13 नवंबर 2026 को दर्ज कराई है। आरोप है कि दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से रकम ली थी और बाद में पैसे लौटाने के नाम पर पांच लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन वह चेक भी होल्ड कराया हुआ था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दीपक टंडन के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर कुल छह एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
पिता से रकम लेने के बाद चेक देने का आरोप
दीपका के वार्ड नंबर-9 निवासी कोयला व्यापारी अंकित सिंह (32) के मुताबिक, दीपक टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27 लाख 90 हजार रुपये लिए थे। इस मामले में वर्ष 2020 में दीपका थाने में अपराध क्रमांक 160/2020 के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था। अंकित का आरोप है कि बाद में दीपक टंडन ने उन्हें भरोसे में लेकर शपथ पत्र के माध्यम से समझौता किया। आरोपी ने कुछ दिनों के भीतर पांच लाख रुपये देने और शेष रकम धीरे-धीरे लौटाने का आश्वासन दिया था। इसी भरोसे के आधार पर अंकित ने कुछ समय तक इंतजार किया, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। शिकायत के अनुसार, बार-बार पैसे मांगने पर आरोपी ने 20 मई 2023 को यस बैंक का पांच लाख रुपये का चेक दिया। अंकित का कहना है कि करीब 10 से 12 दिन बाद जब उन्होंने बैंक में चेक के संबंध में जानकारी ली तो पता चला कि चेक पहले से ही होल्ड कराया गया है। इस वजह से रकम मिलने की उम्मीद भी पूरी नहीं हुई।
पैसे मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
अंकित के अनुसार, इसके बाद भी दीपक टंडन लगातार पैसे लौटाने में टालमटोल करता रहा। उसने कहा था कि 10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट में पेशी के दौरान वह रकम दे देगा। शिकायत में बताया गया है कि इसी दिन शाम करीब चार बजे आरोपी ने अपने एक साथी के माध्यम से अंकित को बुधवारी चौक दीपका बुलाया। अंकित का आरोप है कि वहां पहुंचने पर जब उसने दोबारा अपनी रकम मांगी तो दीपक टंडन नाराज हो गया। उसने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही एससी-एसटी एक्ट के तहत फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस घटना से डरकर उसने उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हालांकि, उसने घटना की जानकारी अपने पिता महेंद्र सिंह और साथी गौतम गौते को दी थी।
बिलासपुर में गिरफ्तारी के बाद दर्ज कराई शिकायत
अंकित सिंह का कहना है कि कुछ दिन पहले बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर 13 नवंबर 2026 को दीपका थाने में लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक सप्ताह में छह एफआईआर, अलग-अलग जिलों में मामले
दीपक टंडन के खिलाफ रायपुर, सक्ती, बिलासपुर और अब कोरबा में अलग-अलग शिकायतों और एफआईआर का मामला सामने आया है। इनमें होटल पर कब्जा, जमीन और रेस्टोरेंट बेचने, फॉर्च्यूनर कार के सौदे, सरकारी कोयला टेंडर दिलाने और कथित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो प्रसारित करने जैसे आरोप शामिल हैं।
इन मामलों में भी दर्ज हैं एफआईआर
1. होटल पर कब्जा और धमकी का आरोप: रायपुर के तेलीबांधा थाने में सरिता वाजपेयी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। आरोप है कि वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा गया। नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में पत्नी बरखा टंडन का नाम भी आरोपी के रूप में सामने आया है।
2. जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी: आशीष जायसवाल की शिकायत के अनुसार, 16,500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने के सौदे में करीब 36 लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि जमीन दीपक और बरखा टंडन के नाम पर नहीं थी।
3. फॉर्च्यूनर कार के नाम पर 20 लाख की ठगी: आशीष जायसवाल ने 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने और गाड़ी नहीं देने का आरोप लगाया। इस शिकायत पर अलग एफआईआर दर्ज हुई।
4. सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख: सक्ती सिटी कोतवाली में किशन शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। आरोप है कि मार्च 2022 में बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा देकर 15 लाख रुपये लिए गए। गारंटी के लिए बंद बैंक खाते का चेक देने का आरोप भी है।
5. AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने का मामला: बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर कथित तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया। ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगाए गए। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था।
DSP कल्पना वर्मा से जुड़े आरोपों को लेकर भी रहा चर्चा में
दीपक टंडन इससे पहले दंतेवाड़ा की तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद को लेकर भी चर्चा में आया था। उस दौरान लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये और गहने लेने के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा, होटल में कपड़े उतरवाकर उसकी पिटाई किए जाने का वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर में दर्ज मामले में AI की मदद से लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर कथित आपत्तिजनक खबरें पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित की जाती थीं। इसके बाद खबर हटाने या मामला दबाने के नाम पर पैसे मांगने के आरोप हैं। फिलहाल दीपका में दर्ज नई एफआईआर में धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। इन सभी मामलों में शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।