Balodabazar. बलौदाबाजार। सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले व्यक्तियों को "गोल्डन ऑवर" (दुर्घटना के बाद का पहला सबसे महत्वपूर्ण 1 घंटा) के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर उनकी जान बचाने के उद्देश्य से शुरु की गई पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन मे जिला बलौदाबाजार -भाटापारा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश मे पहला स्थान हासिल किया है। योजना अंतर्गत अब तक सड़क दुर्घटना मे घायल 269 लोगों को योजना से लाभान्वित किया गया हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मे इस योजना पर जोर देते हुए सड़क दुर्घटना मे घायलों को लाभ दिलाने के निर्देश दिये। पीएम राहत योजना भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक राष्ट्रीय कैशलेस आपातकालीन उपचार योजना है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 फरवरी 2026 को किया गया था।

सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को "गोल्डन ऑवर" (दुर्घटना के बाद का पहला महत्वपूर्ण समय) के दौरान समय पर और मुफ्त इलाज उपलब्ध कराना, ताकि नकदी की कमी के कारण किसी की जान न जाए। योजना के तहत प्रत्येक सड़क दुर्घटना पीड़ित को 7 दिन की अवधि तक ₹1.5 लाख (डेढ़ लाख रुपये) तक का निःशुल्क/कैशलेस उपचार मिलता है। यह सुविधा सभी सरकारी और योजना के तहत चिन्हित (एम्पैनल्ड) प्राइवेट अस्पतालों में उपलब्ध है। वाहन बीमित हो, गैर-बीमाकृत हो या 'हिट-एंड-रन' का मामला हो, पीड़ित का इलाज नहीं रोका जाएगा। दुर्घटना होने पर 112 पर कॉल करने पर सिस्टम तुरंत निकटतम अस्पताल और एम्बुलेंस से जोड़ देता है।

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले 'राहवीर' (नेक व्यक्ति) को 25 000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि, प्रशस्ति-पत्र दी जाती है। इसके तहत अब तक जिले के 5 राहवीरों को पुरस्कार राशि प्रदान किया गया हैं। योजना अंतर्गत हर साल राज्य के 10 सर्वश्रेष्ठ राह-वीरों को 1,00,000 (एक लाख रुपये) का राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिया जाता है। एक व्यक्ति वर्ष भर में अधिकतम 5 बार इस पुरस्कार का लाभ उठा सकता है। मोटर व्हीकल एक्ट 2019 (धारा 134A) के तहत मदद करने वाले व्यक्ति को किसी भी तरह की कानूनी कार्यवाही, पुलिस पूछताछ या कोर्ट-कचहरी के झंझट से पूरी सुरक्षा दी जाती है। बैठक मे डीएफओ पंकज कमल, सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल,अपर कलेक्टर ए. आर. टंडन, निशा नेताम मड़ावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Tags: