सावधान! दोगुने रिटर्न के चक्कर में गंवाए ₹20 लाख, खमतराई पुलिस ने दर्ज की FIR
रायपुर.
रायपुर: आनलाइन ट्रेडिंग ग्रुप से 30 दिन में दोगुने मुनाफे का झांसा देकर महिला ने 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की। खमतराई पुलिस अपराध दर्ज कर जांच और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार साम्राज्य रेसीडेंसी खमतराई निवासी विशाल गोयल 41 को 5 माह पहले 13 फरवरी की सुबह 10 बजे अनिका शर्मा नाम की महिला ने मोबाइल पर कॉल किया था। उसने आनलाइन ट्रेडिंग ग्रुप में ज्वाइन करने पर 30 दिन में रकम दोगुना होने की स्कीम बताया। फायदे का निवेश मानते हुए विशाल ने हामी भरी। इस पर महिला ने वाट्सएप पर एक लिंक भेजा और ग्रुप ज्वाइन कराया।
इसके बाद उसने अलग अलग दिन और समय पर अपने बताए एकाउंट नंबर पर विशाल से 5 बार में 20 लाख रुपए ट्रांसफर कराई। उसके बाद से अब तक विशाल को न मुनाफा मिल रहा न मूलधन ही वापस मिला। अंततः विशाल ने अपने ठगे जाने का अहसास होने पर खमतराई थाने में धारा 318-4 का मामला दर्ज कराया। पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।