बिलासपुर: जिले के हिर्री थाना पुलिस ने कोयला गुणवत्ता में हेरफेर के मामले में तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की जगह कम गुणवत्ता वाला कोयला पहुंचाने के मामले में कार्रवाई की गई है।
मामले के अनुसार, पेंड्रा निवासी आशीष केशरी (46) ने थाना हिर्री में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता कोल परिवहन और लिफ्टिंग का काम करता है। उसने बताया कि एसईसीएल रामपुर कोयला खदान से वाहन क्रमांक सीजी 12 एस 8901 और सीजी 04 एचएक्स 4888 में जी-6 (5500-5800 जीसीव्ही) उच्च गुणवत्ता का कोयला लोड कराया गया था।
दोनों ट्रेलरों के माध्यम से यह कोयला ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड कंपनी डिघोरा भेजा गया था। कोयला डीओ नंबर 3330081502 के तहत भेजा गया था। प्लांट पहुंचने के बाद वहां केमिस्ट द्वारा कोयले का लैब परीक्षण कराया गया, जिसमें दोनों ट्रेलरों में पहुंचा कोयला निर्धारित गुणवत्ता से कम पाया गया।
जांच में ट्रेलरों में लाए गए कोयले की गुणवत्ता 4203 और 4220 जीसीव्ही पाई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी से दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए।
थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक सीजी 12 एस 8901 के चालक बृजेश जायसवाल को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी बृजेश जायसवाल पिता मोहन लाल जायसवाल (25) निवासी देऊघर थाना जियावन जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश, हाल मुकाम श्री सांई सा मिल बिल्हा मोड़ हिर्री थाना हिर्री जिला बिलासपुर है।
पुलिस के अनुसार आरोपी करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। उसे 16 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Tags: