Kanker. कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़, कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पखांजूर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल में जबरन घुसकर उत्पात मचाने और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 27 मई 2026 की है, जबकि मामले में पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को आरोपियों की गिरफ्तारी की है। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर
घटना में इस्तेमाल
बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे एक बच्चे की मौत के बाद आसपास के गांवों के कुछ लोग आक्रोशित हो गए थे। आरोप है कि ये लोग एकजुट होकर कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल पहुंचे और जबरन अस्पताल परिसर में प्रवेश कर गए। इस दौरान अस्पताल के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गई।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल परिसर में घुसी भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों, दरवाजों, खिड़कियों और कांच को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके अलावा टेबल-कुर्सियां, कंप्यूटर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया गया। अस्पताल की संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों को धमकाने के मामले में अस्पताल से जुड़े सुनील हलदार, निवासी कापसी ने 14 जून 2026 को
पखांजूर थाने
में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में अस्पताल में जबरन प्रवेश करने, तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए थे। शिकायत के आधार पर पखांजूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 127(2), 324(5), 333, 190 और 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि) अधिनियम, 2016 की धारा 3 के अंतर्गत भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों को तलब कर पूछताछ की। इस दौरान घटना से जुड़े साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारियों का परीक्षण किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त पाए गए कुल 14 आरोपियों को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों
में अजीत सरकार (28 वर्ष), समीर दास (39 वर्ष), किशोर राजवंशी (21 वर्ष), बप्पी मजूमदार (31 वर्ष), सोनातन उर्फ सनातन सरदार (28 वर्ष), संजीव कुमार मंडल (44 वर्ष), राजेश पाल (29 वर्ष), निर्मल चकवर्ती (33 वर्ष), सुमित समद्दार (31 वर्ष), विकास केशवानी (24 वर्ष), रमेन्द्र उर्फ रमेन मौलिक (39 वर्ष), नेपाल हलदार (53 वर्ष), कल्पना हलदार (47 वर्ष) और अर्जुन उर्फ अरजन हलदार (26 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पखांजूर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी अजीत सरकार की निशानदेही पर अस्पताल में तोड़फोड़ के लिए इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, थाना प्रभारी गोण्डाहूर निरीक्षक योगेश सोनी, थाना प्रभारी बड़गांव निरीक्षक अनिल पालेश्वर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अमिना, सहायक उपनिरीक्षक वेदन सलामे, पुरुषोत्तम ठाकुर और बिन्दुलता देवांगन सहित पखांजूर थाना पुलिस तथा डीआरजी बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पखांजूर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाएं और पुलिस का सहयोग करें।
Tags: