CG NEWS: दिवाली पर जुआरियों की शामत, बलौदाबाजार में 58 गिरफ्तार
छत्तीसगढ
छत्तीसगढ़: बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दिवाली के दौरान अवैध जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर कुल 58 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 85,360 रुपये नकद और ताशपत्ती बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
दो चरणों में पुलिस की कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई 6 नवंबर को की गई। इस दौरान भाटापारा ग्रामीण, पलारी, लवन, सिमगा और सुहेला थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में 27 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 28,130 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
इसके बाद 8 नवंबर को पुलिस ने दूसरे चरण में जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाया। सुहेला, भाटापारा शहर, कसडोल और सिमगा थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 57,230 रुपये नकद और ताशपत्ती जब्त की। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 85,360 रुपये नकद जब्त किए।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और 5 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।