CG: पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, साथियों संग मिलकर पीटा, कुएं में फेंका

छग

Update: 2026-07-12 14:22 GMT
Bijapur. बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने ही पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पति की बेरहमी से पिटाई की, धारदार हथियार से हमला किया और फिर उसे कुएं में फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल पति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला बीजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बीजापुर शहर के वार्ड क्रमांक-7 शांतिनगर निवासी दिलीप कड़ियम और उसकी पत्नी रिंकी कुड़ियम नगर पालिका बीजापुर में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। दोनों पति-पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि काम के दौरान भी दोनों के बीच अनबन बनी रहती थी।
पुलिस जांच के अनुसार, 5 जुलाई को रिंकी कुड़ियम ने कुछ युवकों के साथ मिलकर दिलीप पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले दिलीप के साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसे घर के पास स्थित कुएं में धक्का दे दिया गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दिलीप को परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जगदलपुर (मेकाज) रेफर कर दिया। इलाज के दौरान दिलीप की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीजापुर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। परिजनों के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी रिंकी कुड़ियम को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के बाद उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। घटना में संलिप्त फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना के बाद शांतिनगर इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी आसपास के लोगों को थी, लेकिन मामला इतना गंभीर हो जाएगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच में सामने आने वाले सभी दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News