पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेताओं का CM साय ने किया सम्मान, तोमन को 51 लाख और अभिजीत को 31 लाख देने का निर्णय VIDEO
एशियन पैरा गेम्स
रायपुर : एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार के संघर्ष, साहस और दृढ़ संकल्प की सराहना की। सीआरपीएफ में सेवा के दौरान नक्सल ऑपरेशन में आईईडी ब्लास्ट के कारण अपना एक पैर गंवाने के बावजूद तोमन कुमार ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तोमन कुमार ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से स्वर्ण पदक जीतकर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी यह उपलब्धि साहस, समर्पण और मेहनत का प्रतीक है। राज्य सरकार ने स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देते हुए राज्य सरकार ने उनका उत्साहवर्धन किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को भी उनकी सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे तथा भविष्य में भी छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। एशियन पैरा गेम्स में दोनों खिलाड़ियों की सफलता छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।