Raigarh. रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रायगढ़ कलेक्टर कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद सृजन सभाकक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने उपस्थित अधिकारियों और
कर्मचारियों
को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी शासकीय सेवकों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि उनके निर्णयों और कार्यों से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सरलता एवं समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करना आवश्यक है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिन को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए। स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब हम पूरे वर्ष समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों के अवसरों को बढ़ाने, उनकी समस्याओं का समाधान करने और विकास की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लें।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम में सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे कलेक्टर कार्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ आजादी के इस गौरवपूर्ण पर्व को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया।
Tags: