Raipur. रायपुर। फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ धार्मिक पात्रों के चित्रण और मूल धर्मग्रंथ की भावना से जुड़े सवालों को लेकर विवादों में घिरती नजर आ रही है। रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने फिल्म के कुछ दृश्यों और धार्मिक पात्रों के कथित अनुचित चित्रण पर आपत्ति जताते हुए फिल्म निर्माताओं, निर्देशक, लेखकों और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को 15 दिन का कानूनी नोटिस भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने भारत सरकार के केंद्रीय लोक शिकायत निवारण पोर्टल (CPGRAMS) पर भी वैधानिक शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता ने फिल्म से आपत्तिजनक दृश्यों और संवादों को हटाने के साथ निर्माताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

धार्मिक पात्रों के चित्रण पर जताई आपत्ति
अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर के मुताबिक, फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ को महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित प्राचीन महाकाव्य रामायण पर आधारित बताया जा रहा है। हालांकि, उनका आरोप है कि फिल्म के कुछ दृश्यों में मूल धर्मग्रंथ की भावना और धार्मिक पात्रों की मर्यादा से अलग चित्रण किया गया है। उन्होंने फिल्म में माता सीता, रावण और देवी-देवताओं के चित्रण को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है। अधिवक्ता का आरोप है कि फिल्म में माता सीता को युद्ध करती हुई योद्धा के रूप में दिखाया गया है। इसके अलावा रावण का महिमामंडन करने और देवी-देवताओं के अनुचित चित्रण का भी आरोप लगाया गया है। मनोज सिंह ठाकुर ने इन दृश्यों को महर्षि वाल्मीकि की रामायण और गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित श्रीरामचरितमानस की मूल भावना के विपरीत बताया है। उनका कहना है कि इस प्रकार के चित्रण से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।

निर्माताओं, निर्देशक और लेखकों को भेजा नोटिस
अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखक श्रीधर राघवन और श्रेयस जैन को ईमेल के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा है। इसके साथ ही केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी नोटिस भेजकर फिल्म के कथित विवादित दृश्यों के संबंध में आपत्ति दर्ज कराई गई है। अधिवक्ता ने भारत सरकार के केंद्रीय लोक शिकायत निवारण पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गई है। शिकायत का पंजीयन क्रमांक MOIAB/E/2026/0002688 बताया गया है।

विवादित दृश्य हटाने और माफी मांगने की मांग
कानूनी नोटिस में सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 5B और धारा 6 का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं का हवाला देते हुए फिल्म के कथित आपत्तिजनक दृश्यों और संवादों को हटाने की मांग की गई है। अधिवक्ता ने फिल्म निर्माताओं से धार्मिक पात्रों के चित्रण को लेकर उठाई गई आपत्तियों पर कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है। नोटिस में फिल्म के निर्माताओं और संबंधित संस्थाओं को इन मांगों पर कार्रवाई करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।

हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की चेतावनी
अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे सक्षम न्यायालय में आपराधिक परिवाद दायर करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर करने की बात भी कही है। अधिवक्ता के मुताबिक, मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पुलिस प्रशासन के समक्ष प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल फिल्म ‘रामायण: भाग एक’ से जुड़ा यह मामला अधिवक्ता द्वारा उठाई गई कानूनी आपत्तियों, नोटिस और शिकायत के स्तर पर है। फिल्म के निर्माताओं तथा संबंधित संस्थाओं से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की गई है। अब अधिवक्ता की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Tags: