Raipur. रायपुर। स्वच्छता और बेहतर नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इनमें नगर पालिक निगम रायपुर, नगर पालिक निगम बिलासपुर और नगर पंचायत बिल्हा शामिल हैं। विशेष रूप से बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, बिलासपुर ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। रायपुर नगर निगम को राज्य में स्वच्छता के लिए प्रथम पुरस्कार मिला है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मिला सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को सम्मानित किया। प्रदेश की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा संबंधित नगरीय निकायों के महापौरों और आयुक्तों ने पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

छोटे शहरों की श्रेणी में बिल्हा बना देश का नंबर वन
स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर पंचायत बिल्हा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि छोटे नगरीय निकायों के बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता और जनसहभागिता को दर्शाती है। वहीं, बिलासपुर नगर निगम ने स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। राजधानी रायपुर ने राज्य में स्वच्छता के मामले में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में मिले राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के शहरों की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। बिल्हा का राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान, बिलासपुर का दूसरा स्थान और रायपुर का राज्य में अग्रणी स्थान हासिल करना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वच्छता रैंकिंग में आगे बढ़ना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें स्वच्छता हर नागरिक की आदत और हर शहर की पहचान बने। मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी, आधुनिक नगरीय सुविधाओं और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले- सामूहिक प्रयासों का परिणाम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राष्ट्रीय स्तर पर तीन नगरीय निकायों को सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने नगर पंचायत बिल्हा की उपलब्धि को विशेष बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों वाले छोटे नगरीय निकाय भी बेहतर प्रबंधन और जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

समारोह में शामिल हुए महापौर और वरिष्ठ अधिकारी
पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी और नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष वंदना जेंड्रे उपस्थित रहीं। इसके अलावा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मिशन डायरेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिलासपुर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को मिला यह सम्मान प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, नागरिक सहभागिता बढ़ाने और नगरीय सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
Tags: