संभागायुक्त सुनील कुमार जैन की सख्ती, सड़क निर्माण में लापरवाही पर फटकार
छग
Mungeli. मुंगेली। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील कुमार जैन का एक दिवसीय मुंगेली दौरा प्रशासनिक समीक्षा, जनसंवाद और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहा। अपने प्रवास के दौरान संभागायुक्त ने जिला कलेक्टोरेट में अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा बैठक कर शासन की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
दौरे के दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संभागायुक्त ने समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करने के निर्देश दिए। मनियारी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास योजना, एग्रीस्टैक, पीएम किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व्यवस्था, जल जीवन मिशन, बिजली व्यवस्था, ई-ऑफिस, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम जनमन, डिजिटल फसल सर्वे, स्वामित्व योजना, वन अधिकार मान्यता पत्र (एफआरए) और राजस्व प्रकरणों सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाएं आम जनता के लिए बनाई जाती हैं, इसलिए उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता रखें और लंबित मामलों का जल्द निराकरण करें। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान बिलासपुर-मुंगेली और तखतपुर मार्ग निर्माण की धीमी प्रगति पर संभागायुक्त नाराज हुए। उन्होंने संबंधित इंजीनियर को फटकार लगाते हुए अधूरे और खराब सड़कों के निर्माण तथा मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही आम लोगों को परेशानी में डालती है, इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने, खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में केवल पात्र हितग्राहियों को लाभ देने, किसान पंजीयन और एग्रीस्टैक कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक के बाद संभागायुक्त सुनील कुमार जैन और कलेक्टर कुंदन कुमार गीधा बायपास क्षेत्र के खेतों में पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर खरीफ सीजन की तैयारियों की जानकारी ली। खेतों में धान रोपाई कर रहे किसानों से उन्होंने खाद, बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था और कृषि कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
किसानों ने बताया कि समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध होने से इस वर्ष धान रोपाई का काम बेहतर तरीके से चल रहा है। संभागायुक्त ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। इसी दौरान गीधा बायपास क्षेत्र में संभागायुक्त, कलेक्टर और वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अमलतास के पौधे लगाए गए। संभागायुक्त ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए संकल्प है।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि गीधा बायपास पर लगाए जा रहे अमलतास के पौधे आने वाले समय में क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएंगे और मुंगेली को हरित पहचान दिलाने में मदद करेंगे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, वन विभाग, जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं और स्कूली बच्चों ने भी पौधारोपण किया। संभागायुक्त ने ग्राम छतौना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, बालवाड़ी और प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें चॉकलेट और उपहार दिए गए। उन्होंने गर्भवती और शिशुवती माताओं को सुपोषण टोकरी भी वितरित की।
आंगनबाड़ी निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुपोषण की स्थिति, टीकाकरण, आयरन सप्लीमेंट और बच्चों के स्वास्थ्य की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर कुपोषित बच्चों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय में संभागायुक्त ने बच्चों से महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई सहित ऐतिहासिक व्यक्तित्वों से जुड़े सवाल पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। उन्होंने खेल आधारित शिक्षण प्रणाली को प्रभावी बनाने और बच्चों में रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसके बाद संभागायुक्त दशरंगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के पंजीयन कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी, प्रसव कक्ष, महिला वार्ड और टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने सर्पदंश उपचार के लिए एंटीवेनम और आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने अस्पताल भवन की मरम्मत और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर उन्होंने स्वच्छ और हरित वातावरण का संदेश दिया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने करही स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र और सेवा-सेतु केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऑनलाइन सेवाओं की प्रक्रिया देखी और हितग्राहियों से बातचीत कर सेवाओं की गुणवत्ता जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टोरेट स्थित सेवा-सेतु केंद्र में संभागायुक्त ने हितग्राहियों को विवाह प्रमाण पत्र और राशन कार्ड वितरित किए। उन्होंने डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने और लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
दौरे के अंत में संभागायुक्त ने मिशन-90 प्लस अभियान के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, विद्यालयों के प्राचार्यों, राजस्व निरीक्षकों, पटवारियों, कोटवारों और पुलिस विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं। कलेक्टर कुंदन कुमार ने मिशन-90 प्लस अभियान की सफलता को सभी विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया। संभागायुक्त के पूरे दौरे में प्रशासनिक सख्ती और जनसरोकार का स्पष्ट संदेश दिखाई दिया। उन्होंने सड़क निर्माण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।