रायपुर : राजधानी रायपुर में ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने के मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेलीबांधा थाने के हिस्ट्रीशीटर राजा मेघानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्साइड कंपनी की चार बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये है।
दो ई-रिक्शा से चोरी हुई थीं चार बैटरियां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को अज्ञात व्यक्ति ने ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 04 पीसी 2368 और सीजी 04 पीजे 9147 से कुल चार बैटरियां चोरी कर ली थीं। पीड़ित की शिकायत पर आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 266/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आजाद चौक पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने तेलीबांधा थाने के हिस्ट्रीशीटर राजा मेघानी को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की।
चार बैटरियां और ई-रिक्शा जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक्साइड कंपनी की चोरी की चार बैटरियां और घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 04 पीएफ 8961 जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त बैटरियों और ई-रिक्शा की कुल अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपये है। आरोपी राजा मेघानी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
Tags: