रायगढ़। जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज में दो रात के भीतर हाथियों ने 7 ग्रामीणों के कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दीं और कई किसानों की धान की फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाया। वहीं घरघोड़ा रेंज में एक हाथी ने स्कूल की बाउंड्रीवाल भी गिरा दी। घटना के बाद वन विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की रात कापू रेंज के जंगल से निकलकर तीन हाथी अलोला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसान संतोष की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद बसंती बाई, रामकुमार, लक्ष्मणराम, जगरसाय, शिवा चौहान, समोतिराम और घुरसाय के कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दीं।
हाथियों के गांव में पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर चले गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अगली रात भी यही तीन हाथी अलोला और इदंकालो गांव के आसपास पहुंच गए। यहां आदेराम राठिया, परमेश्वर, हरिशंकर, विजय राठिया, तीजराम तथा कमरई गांव के परसराम की फसलों को नुकसान पहुंचाया। बाकारूमा रेंज के सोखमुड़ा, जमाबीरा और मदनपुर गांव में 20 हाथियों के दल ने क्रिस्टोफर, विनोद और रामलाल की धान की फसलों के साथ शौचालय को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के चारमार गांव में जंगल से निकला एक हाथी स्कूल परिसर तक पहुंच गया और अपनी सूंड से स्कूल की बाउंड्रीवाल गिरा दी।