CG में 'कबरा कान' का खौफ! एक हफ्ते में तीन लोगों की मौत, गांवों में दहशत
छत्तीसगढ़.
सूरजपुर: जिले में ‘कबरा कान’ नाम से पहचाने जाने वाले हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतापपुर क्षेत्र के सकलपुर गांव में देर रात हाथी ने एक युवक को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि युवक शौच के लिए घर से बाहर निकला था, तभी उसका सामना हाथी से हो गया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अकेले घूम रहे इस हाथी ने पिछले एक सप्ताह के भीतर तीन लोगों की जान ले ली है। इससे पहले पास के अखोरा गांव में भी इसी हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला था। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले छह महीनों के दौरान इस हाथी के हमलों में क्षेत्र के करीब 17 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार जनहानि के बावजूद हाथी के विचरण और हमलों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि लगातार हमलावर हो रहे इस हाथी को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू सेंटर में रखा जाए, ताकि आगे किसी की जान न जाए। लोगों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद वन विभाग और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए हैं।
लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते तो कई जानें बचाई जा सकती थीं। फिलहाल कंदरई और प्रतापपुर क्षेत्र के आसपास हाथी की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस इंतजाम करने की मांग की है।