उधार में सामान नहीं दिया तो महिला दुकानदार को डंडे से पीटा, आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: बिलासपुर के रतनपुर में उधार में सामान देने से मना करने पर एक युवक ने महिला दुकानदार के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट कर दी। हमले में महिला के सिर, होंठ, गाल, पीठ और हाथ में चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शनिवार रात करीब 8.30 बजे गांधीनगर की है। जानकारी के मुताबिक, शिवजी भंडारी (28) शराब के नशे में निरूपा साहू की दुकान पर पहुंचा था। उसने महिला से उधार में सामान मांगा, लेकिन महिला ने सामान देने से मना कर दिया।
इस बात पर शिवजी गुस्सा हो गया और महिला को गालियां देने लगा। इसके बाद उसने लाठी-डंडे से महिला की पिटाई कर दी। हमले में महिला को कई जगह चोटें आईं।
रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि महिला के बेटे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी शिवजी भंडारी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल महिला का सिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।