अवंती विहार जमीन में भू-माफिया का कब्ज़ा, विधवा महिला ने लगाई न्याय की गुहार

छग

Update: 2026-07-20 14:31 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के अवंती विहार इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक मामला सामने आया है। भारतीय संत सनातन धर्म रक्षा संघ ने एक भू-मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से जमीन पर कब्जे और दस्तावेजों के इस्तेमाल के जरिए विवाद खड़ा किया गया है। संघ ने इस मामले में विद्युत विभाग के अधिकारियों से हस्तक्षेप कर पीड़ित विधवा महिला को राहत देने की मांग की है। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, अवंती विहार क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने घर के सामने लगे हाईटेंशन ट्रांसफार्मर को हटाने या स्थानांतरित करने के लिए करीब सात महीने पहले विद्युत विभाग में आवेदन दिया था।

विभागीय प्रक्रिया के तहत ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के लिए जारी डिमांड नोट की राशि भी महिला द्वारा जनवरी 2026 में जमा कर दी गई थी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद अश्वनी गुप्ता नामक व्यक्ति द्वारा विद्युत विभाग में कुछ दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए आपत्ति दर्ज कराई गई। संघ का आरोप है कि प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसके बाद विद्युत विभाग ने संबंधित जमीन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए रायपुर तहसीलदार से जांच रिपोर्ट मांगी। संघ द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, तहसीलदार कार्यालय से प्राप्त पटवारी प्रतिवेदन में यह उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।

पटवारी कार्यालय के दस्तावेज

संघ का दावा है कि जांच रिपोर्ट में जमीन पर कब्जे की स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। संघ ने आरोप लगाया कि रिपोर्ट आने के बाद भी कार्रवाई में देरी की जा रही है, जिससे विधवा महिला को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय संत सनातन धर्म रक्षा संघ के पदाधिकारियों ने शंकर नगर स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचकर अभियंता सचिंद्र सोनी को इस संबंध में शिकायत पत्र सौंपा। संघ ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विधवा महिला को राहत दी जाए और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी की जाए।

संघ ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण विभागीय कार्रवाई प्रभावित हो रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संघ का कहना है कि यदि किसी आम नागरिक, विशेषकर विधवा महिला को जमीन विवाद के कारण परेशान किया जाता है तो संगठन इसका विरोध करेगा। संघ ने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर ट्रांसफार्मर स्थानांतरण की कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन शंकर नगर बिजली कार्यालय का घेराव करेगा और चक्काजाम जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। संघ ने इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की बताई है।

अधिकारियों पर दबाव बनाने का लगाया आरोप
संघ के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि एक राजनीतिक पद से जुड़े व्यक्ति द्वारा संबंधित अधिकारियों को फोन कर मामले में दबाव बनाया जा रहा है। संघ का दावा है कि उनके पास इससे जुड़े प्रमाण मौजूद हैं और वे इस मामले की शिकायत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से भी करेंगे। संघ ने कहा कि संगठन को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि यदि कोई नेता किसी विवादित मामले में हस्तक्षेप करता है तो उसकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। संघ ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

संघ ने भूमाफिया अश्वनी गुप्ता पर लगाए कई संगीन आरोप

IPS अधिकारी की बहन होने का दावा करने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि अश्वनी गुप्ता द्वारा अपनी बहन के पुलिस सेवा में होने का हवाला देकर महिला पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। संघ का आरोप है कि महिला को धमकी दी गई कि प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे परेशान किया जाएगा। इस मामले में पीड़ित महिला ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से इस विवाद के कारण मानसिक परेशानी झेल रही है और चाहती है कि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करे। फिलहाल मामला शिकायत और आरोपों के स्तर पर है। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। पूरे मामले में आगे की स्थिति जांच और विभागीय निर्णय के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Tags:    

Similar News