Raipur. रायपुर। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष बलराम प्रसाद वर्मा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), रायपुर के सचिव अविनाश कुमार दुबे के मार्गदर्शन में नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित राज्योत्सव मेले में भव्य विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलंटियर्स द्वारा मेले में पहुंचे आम नागरिकों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं और राष्ट्रीय व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA/SALSA) की निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर के दौरान आमजनों को 'मध्यस्थता 2.0' अभियान के संबंध में विस्तृत और सरल भाषा में जानकारी दी गई। वॉलंटियर्स ने बताया कि मध्यस्थता क्या है, इसकी आवश्यकता क्यों पड़ती है, आपसी विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान में मध्यस्थता की क्या भूमिका है और इससे दोनों पक्षों को क्या-क्या लाभ होते हैं। इसके साथ ही नालसा की 'तस्करी और वाणिज्यिक यौन शोषण पीड़ितों के लिए विधिक सेवाएं योजना, 2015' के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, अनिवार्य बीमा तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे से संबंधित कानूनी प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया।

वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए 'जागृत योजना 2025' के तहत आम नागरिकों को 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर डराने-धमकाने वाले फर्जी कॉल्स, साइबर ठगी तथा संदिग्ध APK फाइलों के माध्यम से होने वाले फ्रॉड से सावधान रहने के लिए सचेत किया गया। नागरिकों को किसी भी प्रकार की आपातकालीन कानूनी सहायता या सलाह के लिए नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। इस जन-जागरूकता शिविर को सफल बनाने में अधिकार मित्र लोमीन साहू, सुप्रभात हलदार, शुभा यदु, सहदेव नेताम, सचिन पांडेय, पुनीत राम साहू और नैनिता ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के माध्यम से राज्योत्सव स्थल पर 1500 से अधिक नागरिकों को विधिक अधिकारों और सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
Tags: