मां-पिता दोनों का प्यार जरूरी, हाईकोर्ट ने पिता-बेटे की मुलाकात का समय किया तय
छत्तीसगढ़.
बिलासपुर: पति-पत्नी के बीच विवाद का असर मासूम बच्चे के भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए। इसी बात को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने पिता को अपने बेटे से हर महीने मिलने का अधिकार दिया है। अब पिता महीने के पहले रविवार को बेटे के साथ चार घंटे बिता सकेंगे।
यह मामला रायपुर का है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पिता अपने बेटे से मुलाकात नहीं कर पा रहा था। बेटे की कस्टडी और संरक्षण की मांग को लेकर पिता ने रायपुर फैमिली कोर्ट में आवेदन दिया था, लेकिन कोर्ट ने उसकी अर्जी खारिज कर दी। इसके बाद पिता ने हाईकोर्ट में अपील की।
मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने पिता को हर महीने के पहले रविवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेटे से मिलने की अनुमति दी है। इस दौरान पिता बच्चे के साथ गार्डन, मॉल या रेस्तरां जैसी सार्वजनिक जगहों पर समय बिता सकेंगे।
हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि बच्चे के बेहतर विकास के लिए मां और पिता दोनों का प्यार और साथ जरुरी है। माता-पिता के बीच आपसी विवाद और अहंकार की वजह से बच्चे का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में माता-पिता के विवाद से ऊपर बच्चे का हित होना चाहिए।