रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार होटल-रेस्टोरेंट पर गिरी गाज
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। जांच के दौरान होटल से रंग मिली करीब 20 किलो मटर की चटनी और 4 किलो मीठी चटनी बरामद हुई। खाद्य विभाग की टीम ने दोनों चटनियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा होटल में अन्य कमियां पाए जाने पर उसका फूड लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया। पहले दिन की कार्रवाई में तीन अन्य होटल और रेस्टोरेंट पर भी विभाग ने कार्रवाई की है।
16 से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' थीम पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करना है। नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर प्रदेश के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन रायपुर रेलवे स्टेशन के आसपास संचालित होटल और रेस्टोरेंट को जांच के दायरे में लिया गया।
अपना जैन होटल में मिली रंग मिली चटनी
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम रायपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित अपना जैन होटल पहुंची। यहां निरीक्षण के दौरान करीब 20 किलो मटर की चटनी और 4 किलो मीठी चटनी में रंग मिला हुआ पाया गया। टीम ने खाद्य पदार्थों की जांच के बाद दोनों चटनियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके साथ ही होटल में अन्य कमियां भी मिलीं। इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने होटल का खाद्य लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया।
तीन अन्य होटल-रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने तीन अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। श्री न्यू महाराजा राजस्थानी थाली से पकी हुई अरहर दाल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। यहां अन्य कमियां पाए जाने पर होटल का खाद्य पंजीयन तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया। इसी तरह न्यू पधारो सा राजस्थानी थाली का खाद्य पंजीयन भी तीन दिनों के लिए निलंबित किया गया। वहीं राजा राम जलपान गृह में मिली कमियों के आधार पर उसका खाद्य लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित किया गया है। इस तरह अभियान के पहले ही दिन चार खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
छह सदस्यीय टीम ने की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में छह सदस्यीय टीम शामिल रही। टीम में उप संचालक नीलम ठाकुर, अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज और संतोष ध्रुव, नमूना सहायक होरेन्द्र देवांगन तथा वाहन चालक राकेश साहू शामिल थे।
30 नवंबर तक जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष जांच अभियान 30 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा। विभाग का जोर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर रहेगा। अभियान के पहले दिन रायपुर में हुई कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों को साफ संदेश मिला है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों की अनदेखी पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।