NDPS केस में बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करों को कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को बड़ी न्यायिक सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 53 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में न्यायालय ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही दोनों आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला 9 जनवरी 2024 का है, जब थाना बोराई पुलिस द्वारा बैरियर नाका पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार क्रमांक MP-20-FA-2513 को पुलिस टीम ने रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की और बीच वाली सीट में रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। जांच में कुल 53 किलोग्राम गांजा मिलने की पुष्टि हुई। कार में मौजूद दो लोगों से गांजा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान तोषण विश्वकर्मा उर्फ राजा निवासी सतना, मध्यप्रदेश और विजय विश्वकर्मा निवासी रीवा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई थी।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की गई कार, दो मोबाइल फोन और नकद राशि सहित करीब 11.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की थी। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की सुनवाई के दौरान धमतरी पुलिस द्वारा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए वैज्ञानिक साक्ष्य, जब्ती प्रक्रिया और जांच से जुड़े दस्तावेजों को महत्वपूर्ण माना गया। पुलिस की मजबूत विवेचना के आधार पर न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषी पाया और उन्हें कठोर सजा सुनाई। इस प्रकरण की विवेचना तत्कालीन उपनिरीक्षक रामकृष्ण साहू द्वारा की गई थी।
पुलिस के अनुसार, उनकी सूक्ष्म जांच, साक्ष्य संकलन और पेशेवर तरीके से की गई विवेचना के कारण न्यायालय में अभियोजन पक्ष मजबूत रहा और आरोपियों को सजा दिलाने में सफलता मिली। उत्कृष्ट विवेचना के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने उपनिरीक्षक रामकृष्ण साहू को 500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। एसपी ने कहा कि अपराधों की प्रभावी रोकथाम के लिए गुणवत्तापूर्ण और वैज्ञानिक तरीके से जांच करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मजबूत साक्ष्यों के आधार पर ही अपराधियों को न्यायालय से कठोर दंड दिलाया जा सकता है। धमतरी पुलिस अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।