Raipur. रायपुर। दीपावली एवं छठ पूजा-2026 के अवसर पर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों में यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री दयानंद के दिशा-निर्देशन में 5 से 14 नवंबर 2026 तक यात्रियों की सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रायपुर, दुर्ग और भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर विशेष कार्ययोजना लागू की जा रही है।
रायपुर स्टेशन पर 400 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया
रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में एक विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यहां सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश, पेयजल और किफायती खान-पान की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
बिहार व उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों—
15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस
15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस
13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस
इन ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म नंबर 07 से करने के लिए नामांकित किया गया है, जिससे मुख्य प्लेटफार्मों पर भीड़ का दबाव कम किया जा सके। भीड़ को देखते हुए 3 अतिरिक्त टिकट काउंटर, 6 नई ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), एम-यूटीएस सुविधा और अतिरिक्त वाणिज्यिक पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है।
दुर्ग स्टेशन पर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स का उपयोग
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर स्थित मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स (MFC) का उपयोग यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया के रूप में किया जा रहा है। यहां सभी प्लेटफार्मों पर ट्रेनों के आवागमन के अनुसार अग्रिम प्लेटफार्म निर्धारण, व्यस्त समय में अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम मशीनें और आरपीएफ व टिकट जांच (TTE) कर्मचारियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है।
ड्रोन और 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
तीनों प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी की कड़ी व्यवस्था की गई है:
आरपीएफ तैनाती: रायपुर में 55, दुर्ग में 42 और भिलाई पावर हाउस में 12 आरपीएफ कर्मी बीटवार तैनात रहेंगे।
सीसीटीवी एवं ड्रोन: रायपुर में 55, दुर्ग में 43 और भिलाई पावर हाउस में 55 सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी होगी। सुरक्षा के लिहाज से रायपुर स्टेशन पर ड्रोन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
भीड़ नियंत्रण: प्रवेश, निकास द्वारों और फुट ओवरब्रिज (FOB) पर बैरिकेडिंग कर कतारबद्ध आवाजाही कराई जाएगी।
24 घंटे सक्रिय रहेगा 'वार रूम' और मेडिकल टीम
स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए एक विशेष वार रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। वाणिज्यिक, परिचालन, सिग्नल और दूरसंचार सहित सभी तकनीकी विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी खराबी का तुरंत निवारण हो सके। यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, पंखे, पेयजल और शौचालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य आपातकाल से निपटने के लिए रायपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दल तथा रायपुर व दुर्ग में मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है।
त्योहारों के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए रेल प्रशासन दुर्ग से बिहार, दिल्ली, निजामुद्दीन और गोंदिया से पटना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेनें संचालित कर रहा है:
दुर्ग-बरौनी-दुर्ग: 03 ट्रिप
दुर्ग-दिल्ली-दुर्ग: 02 ट्रिप
दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग: 04 ट्रिप
गोंदिया-पटना-गोंदिया: 03 ट्रिप
रेल प्रशासन की यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें, फुट ओवरब्रिज का उपयोग करें, ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय धैर्य रखें और किसी भी प्रकार की धक्का-मुक्की या जल्दबाजी से बचें।