अमित शाह से विधायक पुरन्दर मिश्रा की खास मुलाकात, गुजराती समाज ने गमछा पहनाकर किया स्वागत
नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ पर दी बधाई
रायपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में गुजराती समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री को छत्तीसगढ़ की परंपरा के अनुरूप गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के अभियान और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को लेकर अमित शाह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान गुजराती समाज के प्रतिनिधियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता और विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प पर दी बधाई
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद जैसी दशकों पुरानी चुनौती के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने 31 मार्च 2026 तक नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को पूरा किए जाने संबंधी केंद्र सरकार की घोषणा का उल्लेख करते हुए इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की संभावनाएं बढ़ रही हैं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। पुरन्दर मिश्रा ने सुरक्षा बलों के साहस और कठिन परिस्थितियों में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शांति और सुरक्षा के साथ विकास को आगे बढ़ाना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
गुजराती समाज के इन प्रतिनिधियों ने की मुलाकात
इस सौजन्य मुलाकात में गुजराती समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में विश्राम भाई छाभैया, वेलजी भाई रुडाणी, जयंती भाई छाभैया, लीलाधर भाई भगत, हरमुख भाई पटेल, देवजीभाई पटेल, जयंती पटेल, सूर्यकान्त भाई पदमाणी, दलपत भाई हलपाणी, चन्दू भाई नाकराणी, हिम्मत भाई छाभैया, तिलक भाई छाभैया, मुकेश पदमाणी, अम्बालाल धोनू, दिनेश भाई कनानी, ईश्वर भाई रुडाणी और प्रीतेश गांधी शामिल रहे। मुलाकात के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा, नक्सलवाद के उन्मूलन और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के नए अवसरों की ओर आगे बढ़ेगा।