Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कटघोरा थाना क्षेत्र में मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास मुख्य मार्ग पर चल रही स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने समय रहते वाहन रोक दिया और उससे दूर भागकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में चालक को कोई चोट नहीं आई।
चलती स्कूटी से निकलने लगा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को एक व्यक्ति इलेक्ट्रिक स्कूटी लेकर मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। चालक ने खतरे को भांपते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और सुरक्षित दूरी पर चला गया। कुछ ही देर में स्कूटी में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा वाहन उसकी चपेट में आ गया। समय रहते चालक के दूर हट जाने से बड़ा हादसा टल गया।
सड़क पर जुटी भीड़, वीडियो हुआ वायरल
चलती स्कूटी में आग लगने की घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आने-जाने वाले वाहन भी रुक गए। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने जलती हुई स्कूटी का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम, दमकल वाहन और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
नंबर प्लेट जलने से मालिक की पहचान में परेशानी
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तब तक इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण वाहन की नंबर प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी। इससे स्कूटी के मालिक की पहचान करने में परेशानी हो रही है। वहीं, चालक भी वाहन छोड़कर मौके से जा चुका था।
पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पहले कोरबा में इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों ने अपने वाहनों में आ रही परेशानियों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। चालकों ने समस्याओं के समाधान की मांग की थी।
Tags: