बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गांजा तस्करी के अवैध कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश के चलते युवक की सुपारी देकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए रायपुर और दुर्ग से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को बया चौकी क्षेत्र के ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच सुनसान जंगल में करीब 20 वर्षीय युवक का निर्वस्त्र शव मिला था। उसके शरीर और सीने पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान थे। सीने पर अंग्रेजी में KP और हाथों पर टैटू बने हुए थे। बाद में मृतक की पहचान करन डोंगरे उर्फ KP के रूप में हुई।
बेटे की हत्या का बदला लेने रची साजिश
जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी गांजा तस्करी के अवैध कारोबार से जुड़े थे। अक्टूबर महीने में आरोपी अमरजीत सिंह सोनी के बेटे शिवा की हत्या हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी का बदला लेने के लिए अमरजीत ने करन की हत्या की साजिश रची और अन्य लोगों को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया।
काम दिलाने के बहाने जंगल में ले जाकर हत्या
आरोपियों ने करन को महासमुंद क्षेत्र में काम दिलाने का झांसा दिया और संबलपुर से KIA कार में बैठाकर ले गए। दूसरी ओर वैगनआर कार से अन्य आरोपी निगरानी कर रहे थे। पटेवा क्षेत्र में दोनों वाहन मिले और युवक को बया के सुनसान जंगल में ले जाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े उतारकर शव जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस ने 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और AI तकनीक की मदद से संदिग्ध वाहनों की पहचान की। इस मामले में मोहम्मद अनस असरफी, सैय्यद अल्ताफ अली उर्फ फरजान, राज यादव उर्फ सांई, राहुल दास मानिकपुरी और अमरजीत सिंह सोनी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चाकू, KIA कार, वैगनआर और स्कूटी जब्त की है।