पेंड्रा: अपनी मेहनत की मजदूरी मांगना एक पेंटर को भारी पड़ गया। पीड़ित पेंटर ने तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक एवं शिक्षक नोहर सिंह धुर्वे पर गाली-गलौज करने और टेबल से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ गौरेला थाने पहुंचा, जहां मामले में शिकायत दर्ज कराई गई। चोटों को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित को मुलाहिजा के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पीड़ित के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व अधियारखोह छात्रावास में उसके द्वारा पेंटिंग का कार्य किया गया था। आरोप है कि तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक नोहर सिंह धुर्वे के कहने पर काम करने के बावजूद उसे अब तक मेहनताना नहीं मिला था। मंगलवार शाम पीड़ित अधियारखोह तिराहे के पास एक किराने की दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान नोहर सिंह धुर्वे वहां पहुंचा।
पीड़ित का आरोप है कि उसने अपने पुराने काम का मेहनताना मांगा, जिस पर नोहर सिंह धुर्वे कथित तौर पर नाराज हो गया और गाली-गलौज करते हुए पास में रखे कुर्सी से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई है।
घटना के बाद परिजन घायल पेंटर को लेकर गौरेला थाने पहुंचे और तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक एवं शिक्षक नोहर सिंह धुर्वे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। मामले में पुलिस द्वारा शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ पूर्व में भी कार्य के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। हालांकि इस घटना और पूर्व की कार्रवाई को लेकर संबंधित विभाग या पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।