Raipur. रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति रायपुर के लोकभवन में पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में शामिल होंगी।
लोकभवन में आयोजित होगा विशेष कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर लोकभवन में विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपए मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के लोग मौजूद हैं। इस आयोजन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोकभवन और उसके आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।
शाम 4 बजे सेवा सम्मान पर्व में होंगी शामिल
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति शाम 4 बजे रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगी। यहां नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। नुआखाई पर्व नई फसल के स्वागत और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की परंपरा से जुड़ा है। यह पर्व विशेष रूप से पश्चिमी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह के साथ मनाया जाता है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से इस सांस्कृतिक आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री साय ने दी कार्यक्रमों की जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बताया कि गुरुवार को राष्ट्रपति रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। सबसे पहले लोकभवन में 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि शुक्रवार, 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति बस्तर के प्रसिद्ध मुरिया दरबार में शामिल होंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा राज्य की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कल जगदलपुर में मुरिया दरबार में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां वे बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी और सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगी। मुरिया दरबार बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्रपति सचिवालय ने भी उनके इस कार्यक्रम की पुष्टि की है।
सुरक्षा में 2 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की तैयारी
राष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए रायपुर से लेकर जगदलपुर तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। सुरक्षा के लिए 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। कार्यक्रम स्थलों, प्रमुख मार्गों और आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी प्रशासन का विशेष ध्यान है।
Tags: