रायपुर। टिकरापारा में सराफा कारोबारी से करीब 2 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने पहले सोना खरीदने के लिए ऑनलाइन पेमेंट किया। इसके बाद कारोबारी से दूसरा ऑर्डर कैंसिल कराकर उसकी रकम वापस ले ली। कुछ दिन बाद बैंक खाते में जमा रकम होल्ड होने से कारोबारी को ठगी का पता चला। कुल 1,99,440 की रकम होल्ड होने से कारोबारी को नुकसान हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के मुताबिक, संजय नगर निवासी अजय सोनी की टिकरापारा मेन रोड पर अजय ज्वेलर्स नाम से दुकान है।
17 जुलाई को एक युवक स्कूटी से दुकान पहुंचा। उसने 6 ग्राम सोना मांगा। दुकानदार के पास 5 ग्राम का सोने का सिक्का था, जिसकी कीमत 76,220 थी। युवक ने इसका ऑनलाइन पेमेंट JAGDAMBA TC के नाम से किया।इसके बाद युवक ने 1.600 ग्राम सोना और मांगा। इसकी कीमत 23,500 थी। इसका भी ऑनलाइन भुगतान करने के बाद उसने करीब एक घंटे बाद सोना लेने की बात कही और चला गया। कुछ देर बाद लौटकर उसने ऑर्डर कैंसिल करने और रकम वापस करने को कहा। कारोबारी ने उसके मोबाइल नंबर पर 23,500 वापस कर दिए। 20 जुलाई को कारोबारी को एक फोन आया। सामने वाले ने खुद को JAGDAMBA TC से बताते हुए कहा कि उसके खाते में 3.50 लाख आए हैं।
अजय ने बैंक खाता चेक किया तो उसमें 78,757 दिखाई दे रहे थे। करीब तीन घंटे बाद खाते का बैलेंस माइनस 20,962 हो गया। 21 जुलाई को बैंक जाने पर पता चला कि दो ट्रांजेक्शन में कुल 99,720 की रकम होल्ड है। अगले दिन भी दो ट्रांजेक्शन की इतनी ही रकम होल्ड होने की जानकारी मिली। इसके बाद कारोबारी को साइबर ठगी का शक हुआ।