रायपुर : राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और यात्री बसों के मनमाने संचालन पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने बस संचालकों, मालिकों और बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक लेकर यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब निर्धारित स्टॉपेज के अलावा कहीं भी बस रोककर यात्रियों को बैठाने या उतारने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों का संचालन भाठागांव अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
बस संचालकों की बैठक में डीसीपी ने दिखाई सख्ती
रायपुर के कालीबाड़ी स्थित यातायात कार्यालय के सभागार में दोपहर 3 बजे डीसीपी डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात रामकुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में रायपुर के अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से संचालित यात्री बसों के मालिकों, ऑपरेटरों और बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बुलाया गया था। चर्चा का मुख्य उद्देश्य बस स्टैंड और शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना था। अधिकारियों ने बताया कि बसों को निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त सड़क पर रोककर यात्रियों को बैठाने और उतारने से यातायात प्रभावित होता है। इससे अन्य वाहन चालकों और आम नागरिकों को असुविधा होती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।
बुकिंग काउंटर के सामने नहीं रुकेंगी यात्री बसें
डीसीपी ने निर्देश दिया कि बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर निकलने के बाद कोई भी बस चालक रास्ते में मनमाने स्थान पर वाहन नहीं रोकेगा। यात्रियों को बैठाने और उतारने का काम केवल निर्धारित स्टॉपेज पर ही किया जाएगा। शहर के विभिन्न मार्गों पर खुले बुकिंग और रिजर्वेशन काउंटरों के सामने बसों को रोककर यात्रियों को बैठाने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि बस संचालकों को अपनी सेवाओं का संचालन यातायात नियमों के अनुरूप करना होगा। सड़क किनारे बस रोकने से होने वाली अव्यवस्था को रोकने के लिए नियमों का पालन जरूरी है।
ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट बसों को लेकर बड़ा निर्देश
बैठक में ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसों के संचालन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि ऐसे परमिट वाली बसों का संचालन भाठागांव अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से नहीं किया जाएगा। इसके अलावा इन बसों को नियमित यात्री बसों की तरह अलग-अलग स्थानों पर रोककर सवारियां बैठाने और उतारने की अनुमति नहीं होगी। संबंधित बस संचालकों को परमिट की शर्तों और यातायात नियमों के अनुसार वाहन संचालित करने के निर्देश दिए गए।
धमतरी और जगदलपुर रूट की बसों के लिए निर्देश
जगदलपुर, धमतरी और गरियाबंद की दिशा से रायपुर आने वाली यात्री बसों के लिए भी स्पष्ट व्यवस्था बताई गई है। इन मार्गों से आने वाली बसें एमएमआई चौक के पास निर्धारित स्थान पर यात्रियों को उतार सकेंगी। इसके बाद एमएमआई चौक से पचपेड़ीनाका होते हुए भाठागांव चौक तक किसी भी स्थान पर यात्रियों को उतारने की अनुमति नहीं होगी। बस चालकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित मार्ग से सीधे बस स्टैंड पहुंचें और अनावश्यक रूप से बीच रास्ते में बस नहीं रोकें। वहीं, दुर्ग और भिलाई जाने वाली यात्री बसों को भी पचपेड़ीनाका चौक से यू-टर्न लेने के बाद भाठागांव चौक पर यात्रियों को बैठाने के लिए नहीं रुकने के निर्देश दिए गए हैं।
बसों की छत पर सामान ढोने पर भी रोक
यातायात पुलिस ने बस संचालकों को निर्देश दिया है कि यात्री बसों की छतों पर माल लादकर परिवहन नहीं किया जाए। अधिकारियों ने बस स्टैंड परिसर में खड़े खराब और कंडम वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए हैं। बस संचालकों से कहा गया कि बस स्टैंड का इस्तेमाल गैरेज की तरह नहीं किया जाए। बस स्टैंड की व्यवस्था सुधारने के लिए परिसर में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने और यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बार-बार नियम तोड़ने पर डीएल निलंबन की कार्रवाई
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की बार-बार अवहेलना करने वाले बस चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त यात्रियों को बैठाने और उतारने की शिकायत मिलने पर भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
बस संचालकों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के अध्यक्ष एवं रॉयल ट्रैवल्स के संचालक अनवर अली, प्रदेश सचिव खेमराज साहू सहित कई बस ऑपरेटर मौजूद रहे। साईं ट्रैवल्स, कसार ट्रैवल्स, शर्मा ट्रैवल्स, शुक्ला ट्रैवल्स, अमन ट्रैवल्स, अहमद ट्रैवल्स, आशीर्वाद ट्रैवल्स, नवीन ट्रैवल्स, राधेकृष्णा ट्रैवल्स, मुस्कान ट्रैवल्स, प्रांजल ट्रैवल्स, लक्ष्मी ट्रैवल्स, मां शारदा ट्रैवल्स, रेनबो ट्रैवल्स, पायल ट्रैवल्स और कांकेर रोडवेज सहित अन्य संचालकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बस संचालकों ने अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और बस स्टैंड व शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बस चालक और परिचालक यदि नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो पुलिस की कार्रवाई में भी सहयोग किया जाएगा। यातायात पुलिस के इन निर्देशों का उद्देश्य शहर में यात्री बसों के अनियंत्रित ठहराव पर रोक लगाना, दुर्घटनाओं की आशंका कम करना और आम लोगों को व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
Tags: