Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी जमीन बेचने का सौदा कर खरीदार से 35 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल ली, लेकिन जब जमीन की रजिस्ट्री कराने का समय आया तो वह अचानक लापता हो गया। इसके बाद उसकी पत्नी ने थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी। खरीदार को लगातार भरोसा दिलाया जाता रहा कि पति के वापस लौटते ही जमीन की रजिस्ट्री करा दी जाएगी। हालांकि, इसी बीच सौदे वाली जमीन को दान विलेख के जरिए पत्नी के नाम हस्तांतरित कर दिया गया। शिकायत के आधार पर मंदिर हसौद थाना पुलिस ने आरोपी पति करण मन्नाडे और पत्नी रूखमणी मन्नाडे के खिलाफ धोखाधड़ी और
आपराधिक षड्यंत्र
का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी रजनीकांत सिंह ने पुलिस को बताया कि ग्राम मुनरेठी के कोटवार रोहित रविदास के माध्यम से उनकी पहचान जमीन मालिक करण मन्नाडे से हुई थी। करण अपनी कृषि भूमि का कुछ हिस्सा बेचना चाहता था। जमीन देखने के बाद दोनों के बीच 790 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से सौदा तय हुआ। इसके बाद 14 अक्टूबर 2024 को करीब 6,780 वर्गफुट जमीन का विक्रय अनुबंध किया गया। अनुबंध के अनुसार, जमीन की रजिस्ट्री के लिए तीन से चार महीने का समय निर्धारित किया गया था।
अलग-अलग बहानों से वसूले 35 लाख रुपये
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जमीन का सौदा होने के बाद करण मन्नाडे लगातार अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर रकम मांगता रहा। कभी जमीन के दस्तावेज तैयार कराने, कभी जमीन की नाप कराने तो कभी अन्य जरूरी कामों के नाम पर पैसे लिए गए। खरीदार का दावा है कि उसने 11 जून 2025 तक कुल 35 लाख 1,240 रुपये का भुगतान कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। रजिस्ट्री में लगातार देरी होने के बाद खरीदार ने करण से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद रजनीकांत सिंह ने अधिवक्ता के माध्यम से 6 अगस्त 2025 को कानूनी नोटिस भेजा। साथ ही 7 अगस्त को समाचार पत्रों में आम सूचना प्रकाशित कराई, ताकि संबंधित जमीन का किसी अन्य व्यक्ति से सौदा नहीं किया जा सके।
पत्नी ने दर्ज कराई पति की गुमशुदगी
इस दौरान खरीदार ने जमीन मालिक के बारे में जानकारी जुटाई तो उसकी पत्नी रूखमणी मन्नाडे ने बताया कि करण बिना किसी को जानकारी दिए घर से चला गया है। पत्नी ने 14 जुलाई 2025 को मंदिर हसौद थाने में पति की गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रूखमणी ने कोटवार के माध्यम से खरीदार को आश्वासन दिलाया कि पति के लौटते ही जमीन की रजिस्ट्री करा दी जाएगी। इस भरोसे के बीच खरीदार को जमीन के मालिकाना हक में हुए बदलाव की जानकारी नहीं मिल सकी।
दान विलेख के जरिए पत्नी के नाम कर दी जमीन
बाद में राजस्व अभिलेखों की जांच करने पर शिकायतकर्ता को पता चला कि 6 अगस्त 2025 को करण और रूखमणी ने आपसी सहमति से सौदे वाली जमीन सहित अन्य जमीन भी दान विलेख के माध्यम से पत्नी के नाम हस्तांतरित कर दी थी। पुलिस ने करण मन्नाडे को 5 दिसंबर 2025 को दस्तयाब किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री से बचने और उसकी रकम हड़पने के उद्देश्य से पति-पत्नी ने मिलकर गुमशुदगी और जमीन हस्तांतरण की साजिश रची। फिलहाल मंदिर हसौद पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है।
Tags: